सागर के इस युवक ने 21सेकेंड में तोड़ दिया चीन का वर्ल्ड रिकार्ड
सागर। शहर के आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र अभिषेक चौबे ने अपनी शोल्डर बेल्ड्स से 21 सेकण्ड तक 55.44 किलोग्राम वजन उठाकर चाइना का पांच साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है। चाइना के फेंग यिक्सी ने 2012 में अपनी शोल्डर बेल्ड्स से 51.4 किलोग्राम वजन आठ सेकेण्ड तक उठाकर यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। अभिषेक ने इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए अपने नाम यह दूसरा वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया है।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने दो दिन पहले ही अभिषेक को नए वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र दिया है। अभिषेक इसके पहले भी एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके है। शहर से दो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले अभिषेक चौबे पहले शख्स है।
बेल्ड्स से कार को खींचकर बनाया था रिकॉर्ड
अभिषेक चौबे ने एक साल पहले पहला वर्ल्ड रिकॉर्ड 1070 किलो वजन की कार को अपने शोल्डर बेल्ड्स से खींचकर बनाया था। अभिषेक ने 27 मीटर तक इस कार को खींचा कर यह रिकॉर्ड बनाया था। जो अभी भी उनके ही नाम है। इसके बाद अब शोल्डर बेल्ड्स से ज्यादा वजन उठाने का कीर्तिमान बनाकर उन्होंने यह नया रिकॉर्ड बनाया है। अभिषेक ने बताया कि वर्ल्ड रिकॉर्ड में शोल्डर बेल्ड्स से अब तक दो ही रिकॉर्ड थे। जो उन्होंने दोनों ही रिकॉर्ड तोड़कर अपने नाम किए है।
रिकॉर्ड को और करेंगे मजबूत
मंगलवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के दोनों प्रमाण-पत्र दिखाते हुए अभिषेक ने बताया कि वे अब आगे अपने ही दोनों वर्ल्ड रिकॉर्ड को और मजबूत करेंगे। ताकि इन दोनों रिकॉर्ड को भविष्य में तोड़ना एक बड़ी चुनौती बन जाए। पत्रकारवार्ता के दौरान अभिषेक के पिता अवधेश चौबे, गौर यूथ फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विवेक तिवारी, विवि के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी डायरेक्टर डॉ. एचएस आदिल, डॉ. अमर कुमार जैन, पियर्स रंजन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।