Site icon Yashbharat.com

ससुर के साथ रहने से खफा इंजीनियर बहू का खौफनाक ‘स्लो पाइजन’ प्लान

thai food 518035 1920

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बहू के अपने ससुर को धीमा जहर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बहू के नापाक इरादों का खुलासा ब्लड टेस्ट और मोबाइल फोन कॉल रिकॉर्डिंग ऐप के जरिए हुआ. इसके बाद पति ने अपनी पत्नी के खिलाफ पुलिस थाने पर केस दर्ज कराया है.

रिश्तों को शर्मसार करने वाला यह मामला इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र के गोयल नगर का है. यहां रहने वाले अमित श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी भावना के खिलाफ पिता को धीमा जहर देकर जान से मारने की साजिश रचने की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने प्रारंभिक तहकीकात के बाद भावना के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बताया जा रहा है कि गोयल नगर में रहने वाले 67 वर्षीय विनोद श्रीवास्तव की पत्नी का 2011 में निधन हो गया था. रिटायरमेंट के बाद कभी बड़े बेटे के पास दिल्ली में तो कभी इंदौर में छोटे बेटे अमित के साथ रह रहे थे. अमित और उनकी पत्नी भावना दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. दोनों ने लव मैरिज की थी. पिछले दो साल से विनोद छोटे बेटे और बहू के साथ ही इंदौर में रहते थे.

मई 2017 से जहर दिए जाने का शक

भावना पर आरोप है कि उसने मई 2017 से अपने ससुर को धीमा जहर देना शुरू कर दिया था. पिता की तबीयत खराब होने पर अमित को शक हुआ तो उसने अपनी पत्नी पर नजर रखना शुरू कर दी. इस दौरान उसने पत्नी के मोबाइल फोन में रिकॉर्डिंग ऐप भी एक्टिव कर दिया. मौका देखकर अमित ने एक दिन अपनी पत्नी और उसके भाई की बात की रिकॉर्डिंग सुनी. इस रिकॉर्डिंग में भावना ने ससुर को धीमा जहर देने की बात कही थी.

ब्लड टेस्ट में भी धीमा जहर दिए जाने की बात की भी पुष्टि हुई थी. इसके बाद ही अमित ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. हालांकि, पुलिस अब पूरे मामले की पुष्टि के लिए अपने स्तर पर मेडिकल जांच कराएगी.

Exit mobile version