संघ ने मप्र में शुरू की भाजपा प्रत्याशियों की तलाश
Members of the Rashtriya Swayamsevak Sangh (RSS), or National Volunteers Force, perform drills during their foundation day celebrations in Ahmadabad, India, Sunday, Oct. 17, 2010.The RSS is the ideological parent of the right-wing Hindu nationalist Bharatiya Janata Party. (AP Photo/Ajit Solanki)
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रत्याशियों की तलाश में जुट गया है।
संघ के सर्वे में 70 प्रतिशत विधायकों के प्रति जनता की नाराजगी का तथ्य भी सामने आया था। अब संघ प्रदेश की हर विधानसभा सीटों पर ऐसे उम्मीदवारों की तलाश कर रहा है, जो भाजपा के टिकट पर जीत सकते हैं। संघ सूत्रों के मुताबिक मध्य क्षेत्र के मालवा, महाकोशल और मध्य भारत प्रांत के सभी विभाग प्रचारकों को उनके क्षेत्र की विधानसभा सीटों पर संभावित प्रत्याशियों की तलाश की जिम्मेदारी दी गई है।
संघ और भाजपा के पिछले कुछ सर्वे, विधायकों की परफॉरमेंस रिपोर्ट के आधार पर वे ऐसे नामों की सूची बना रहे हैं। विभाग प्रचारक उनके क्षेत्र में रहने वाले संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर सूची तैयार कर रहे हैं। इसके साथ ही उनके जीतने की संभावना, उनका मजबूत पक्ष और कमजोरी के विवरण की एक रिपोर्ट भी बनाई जा रही है। विभाग प्रचारकों की इस रिपोर्ट को भाजपा के प्रत्याशी चयन का आधार बताया जा रहा है।
केंद्रीय नेतृत्व भी करवा रहा है तीन सर्वे
भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी अलगअलग समय पर प्रत्याशी चयन के लिए तीन सर्वे करवा रहा है। पिछले दिनों विधायक दल की बैठक में संगठन महामंत्री रामलाल ने विधायकों को इस संबंध में जानकारी दी थी। रामलाल ने विधायकों से दो टूक कहा था कि यदि प्रदेश के सर्वे में प्रत्याशी के लिए उनका नाम होगा और केंद्र के सर्वे में नाम नहीं हुआ तो उन्हें टिकट देने पर विचार नहीं किया जाएगा। इससे भाजपा में यह संदेश भी गया है कि प्रत्याशी चयन पूरी तरह केंद्रीय नेतृत्व के हाथ में होगा।
कहीं सिंगल नाम, कहीं तीन से चार नामों का पैनल : संघ की ओर से बनाए जा रहे पैनल में किसी विधानसभा सीट पर एक ही संभावित प्रत्याशी का नाम है, तो कहीं तीन से चार नाम भी पैनल में रखे गए हैं। मध्य भारत प्रांत के कुछ विभाग प्रचारकों ने अपनी रिपोर्ट भेज दी है। सभी सीटों पर प्रत्याशियों का पैनल मिलने के बाद इससे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराया जाएगा।