Site icon Yashbharat.com

शिवराज ने दिया किसानों को तोहफा, खाते में ट्रांसफर किए 57 करोड़ रुपए

kisan sammelan.jpeg 12 02 2018

भोपाल। मध्य प्रदेश के बालाघाट में किसान सम्मान यात्रा के समापन पर पहुंचे मुख्यमंत्री सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ई-बैकिंग के जरिए 70 हजार किसानों के बैंक खातों में 57 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि ट्रांसफर की.

दरअसल, बालाघाट में किसान सम्मान यात्रा के समापन के मौके पर किसान महासम्मेलन का आयोजन किया गया. इस मौके पर बोलते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमनें किसानों को बिना ब्याज का कर्ज दिया. उन्होंने कहा कि किसान भाइयों और बहनों मेरा रास्ता कोई तूफान नहीं रोक सकता है मैं आपकी आंखों में आंसू नहीं रहने दूंगा.

शिवराज ने कहा कि अन्नदाताओं ने मध्यप्रदेश के अन्न के भंडार भर दिए, लेकिन उपज की कीमत कम हो गई. इसलिए सरकार ने उचित कीमत मिलने का रास्ता साफ किया और आज बालाघाट के किसानों के खाते में 57 करोड़ 87 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए

सीएम शिवराज ने कहा कि किसान समृद्धि योजना का पैसा केवल बालाघाट के किसानों के खाते में नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के सभी पात्र किसानों के खाते में यह पैसा पहुंचाया जा रहा है. मेरे किसान भाइयों अपने उत्पादों के कम कीमत पर बिकने पर परेशान मत होना. तुम्हारे पसीने की पूरी कीमत तुम्हें मिलेगी.


शिवराज ने यह भी एलान किया कि किसान की फसल खराब होगी तो 30 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से उसे राहत दी जाएगी और फसल बीमा का भी लाभ दिया जायेगा. इसके अलावा किसान बेटे-बेटी अगर खेती से संबन्धित कोई उद्यम शुरू करना चाहते हो तो युवा कृषक उद्यमी योजना में 10 लाख से 2 करोड़ रुपये तक ऋण दिया जायेगा और लोन की गारंटी भी प्रदेश सरकार लेगी.

शिवराज ने कहा कि मजदूरी करने वाले जितने भाई-बहन हैं, उनके कल्याण के लिए मैंने असंगठित मजदूर कल्याण योजना बनाई है. योजना में रहने की ज़मीन का मालिक हर गरीब बनाया जाएगा. जिनकी घास-फूस की झोपड़ी होगी, उसे पक्का मकान दिया जायेगा. पहली से पीएचडी तक की फीस भी सरकार भरेगी.

Exit mobile version