Site icon Yashbharat.com

शादी समारोह में पूड़ी बेलने गई महिला से गैंगरेप, गंभीर हालत में सड़क पर फेंककर फरार हुए आरोपी

images 30

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक शादी समारोह में पूड़ी बेलने गई महिला के साथ हलवाई और उसके चार साथियों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया।

आरोपी रेप के बाद महिला को सड़क पर गंभीर हालत में फेंककर भाग गए। पीड़िता ने ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले में महिला के पति ने दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं सूचना पर एसएसपी भी फोर्स के साथ मौके पर मैरिज होम पहुंचे।

थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र की रहने वाली एक महिला शादी समारोह में हलवाई के साथ पूड़ी बेलने का काम करती है।

रविवार रात को वह बरहन, आंवलखेड़ा क्षेत्र के एक मैरिज होम में अपनी साथी महिलाओं को साथ लेकर हलवाई के बुलाने पर काम करने गई थी। आरोप है कि देर रात हलवाई प्रेम सिंह और उसका साथी काका उसे किसी काम के बहाने मैरिज होम के रेस्ट रूम में ले गए।

कमरे में तीन लोग पहले से मौजूद थे। पांचों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद प्रेम सिंह, काका और उनके तीन साथियों ने उसके साथ रेप किया। घटना के बाद वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में आरोपी महिला को आंवलखेड़ा चौराहा पर सड़क पर फेंककर भाग गए।

तड़के होश में आने पर महिला पुलिस चौकी पर पहुंची, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी नहीं मिला। कुछ देर बाद वहां ग्रामीण आ गए। इसी के बाद कंट्रोल रूम में घटना की सूचना दी गई।

सूचना पर थाना बरहन प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। गंभीर अवस्था में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। होश में आने पर महिला ने पुलिस को अपनी आपबीती बताई।

पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को आगरा रेफर कर दिया। महिला को राजकीय महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। गैंगरेप की जानकारी पर एसएसपी मुनिराज जी और एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता पहुंच गए।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि महिला ने हलवाई समेत पांच लोगों पर रेप का आरोप लगाया है। पीड़िता के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version