नई दिल्ली, एजेंसी। 17वीं लोकसभा के पहले सत्र के दूसरे दिन भी नव निर्वाचित सांसदों के शपथ लेने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान कई बार माहौल बदला-बदला नजर आया। अभिनय की दुनिया से सियासत में कदम रखने वाले सन्नी दयोल ने भी शपथ ली। सन्नी देओल ने अंग्रेजी में शपथ ली। वह जींस शर्ट और ब्लेजर में संसद पहुंचे थे। भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने शपथ ग्रहण के बाद भारत माता की जय का नारा बुलंद किया। वहीं आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने शपथ ग्रहण के बाद इंकलाब जिंदबाद का नारा लगाया।
बता दें कि 17वीं लोकसभा का पहला सत्र कल सोमवार को प्रोटेम स्पीकर के रूप में डॉ. वीरेंद्र कुमार के शपथ ग्रहण के साथ शुरू हुआ था। कल भी सत्ता पक्ष के सदस्यों की ओर से ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के नारों से संसद गूंजी थी। पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत 21 राज्यों के 200 से अधिक नवनिर्वाचित सदस्यों ने लोकसभा के सदस्य के तौर पर शपथ ली थी।
आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने शपथ लेने के बाद बहुत जोरदार तरीके से इंकलाब जिंदाबाद का नारा लगाया। वह पंजाब से आम आदमी पार्टी के टिकट पर लगातार दूसरी बार सांसद के तौर पर निर्वाचित होकर संसद पहुंचे हैं। मान के साथ ही आज अभिनेता से नेता बने सन्नी देओल ने शपथ ली। वह गुरुदासपुर से भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए हैं। मथुरा से दूसरी बार सांसद चुनी गईं हेमा मालिनी, गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन भी शपथ लेने संसद भवन पहुंचे।
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने भी शपथ ली। आप के भगवंत मान, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल ने पंजाबी में शपथ ली। साध्वी प्रज्ञा ने संस्कृत में शपथ ली और शपथ के बाद उन्होंने भारत माता की जय का नारा भी लगाया। एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने अपने शपथ ग्रहण के दौरान मुजफ्फरपुर में बच्चों की मौतों की बात उठाई।

