वैक्सीन न्यूज़: भूटान को भारत फ्री में कोवीशील्ड देगा, अमेरिका के कैलिफोर्निया में मॉडर्ना की वैक्सीन पर रोक लगी

भूटान के प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग ने सोमवार को ऐलान किया कि भारत उनके देश को फ्री में ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन कोवीशील्ड देगा। इससे भूटान को कोरोना से लड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अगर हम वैक्सीन खरीदते हैं तो हमें 60 लाख अमेरिकी डॉलर खर्च करने पड़ सकते हैं। ऐसे में भारत सरकार ने भरोसा दिया है कि हम भूटान के साथ पुराने रिश्तों को अहमियत देते हुए यह मदद करेंगे।

शेरिंग ने कहा कि हमने भारत सरकार को पूरी जरूरतमंद आबादी के वैक्सीनेशन के बारे में बताया है। वे भी हमारी जरूरत समझ रहे हैं। देश में यह वैक्सीन फ्री में लगाई जाएगी। इससे पहले नेपाल सरकार ने पिछले सप्ताह कोवीशिल्ड वैक्सीन के इमरजेंसी यूज को मंजूरी दी थी। यह वैक्सीन सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) बना रहा है।

मॉडर्ना की वैक्सीन लगने के बाद एलर्जी की शिकायत

वैक्सीनेशन के बाद एलर्जी की शिकायत मिलने पर अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया ने मॉडर्ना की वैक्सीन पर रोक लगा दी है। स्टेट एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. एरिका पान ने बताया के सामान्य से ज्यादा लोगों में साइड इफेक्ट दिखाई दिए हैं।

उन्होंने बताया कि यह समस्या मॉडर्ना वैक्सीन के एक लॉट से आई है। इसे एक कम्यूनिटी वैक्सीनेशन क्लीनिक में दिया गया था। इन्हें लगाने के बाद 10 लोगों को बुखार आया। उन्हें 24 घंटे के लिए डॉक्टरों की निगरानी में रखना पड़ा। पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट ने बताया कि इस लॉट के तीन लाख 30 हजार से ज्यादा डोज पूरे राज्य में 287 हेल्थ केयर प्रोवाइडर्स को दिए गए हैं।

दुनिया में करीब साढ़े 9 करोड़ केस
महामारी के दुनिया में अब तक 9 करोड़ 56 लाख 83 हजार 835 केस हो गए हैं। 20 लाख 43 हजार 728 लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात ये कि 6 करोड़ 83 लाख 45 हजार 025 लोग ठीक हो चुके हैं।

आस्ट्रेलिया में बॉर्डर पर इस साल पाबंदियां रहने की संभावना

ऑस्ट्रेलिया के हेल्थ डिपार्टमेंट के सचिव प्रोफेसर ब्रेंडन मर्फी ने सोमवार को कहा कि बहुत संभावना है कि कई लोगों के वैक्सीनेशन के बाद भी इस साल बॉर्डर पर कड़े प्रतिबंध किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि इस साल का ज्यादातर हिस्सा पाबंदियों के साथ ही गुजरेगा। भले ही हमारी कितनी ही आबादी को वैक्सीन लगाई जा चुकी हो।

मर्फी ने कहा कि हम नहीं जानते कि यह वायरस के फैलने पर रोक लगा पाएगी या नहीं। मैं दो या तीन महीने से ज्यादा की भविष्यवाणी नहीं करना चाहता।

ब्राजील में ऑक्सफोर्ड और चीन की वैक्सीन को इमरजेंसी अप्रूवल

कोरोना से सबसे प्रभावित देशों में से एक ब्राजील ने दो वैक्सीन को इमरजेंसी यूज की इजाजत दे दी है। यहां की हेल्थ रेग्युलेटरी ने रविवार को एस्ट्राजेनेका-ऑक्सफोर्ड और चीनी कंपनी सिनोवैक की कोरोना वैक्सीन को इमरजेंसी अप्रूवल दे दी। ब्राजील में अब तक कोरोना से 84.90 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। 74.11 लाख लोग कोरोना से ठीक भी हो चुके हैं और 2.09 लाख लोगों की जानें भी गईं हैं।

ब्राजील के पास सिनोवैक 60 लाख डोज

अप्रूवल मिलते ही ब्राजील में वैक्सीनेश प्रोग्राम शुरू कर दिया गया। उसके पास फिलहाल सिनोवैक के 60 लाख डोज हैं और जल्द ही उसे एस्ट्राजेनेका-ऑक्सफोर्ड द्वारा बनाई गई वैक्सीन के 20 लाख डोज मिल जाएंगे। फेडेरल यूनिवर्सिटी के एपिडेमियोलॉजिस्ट इथेल मैशियल ने कहा कि ब्राजील के लिए यह अच्छी खबर है, लेकिन 60 लाख डोज पर्याप्त नहीं होगी। हम लोगों में इम्युनिटी डेवलप होने का इंतजार नहीं कर सकते। अब तक यह भी तय नहीं है कि सरकार को वैक्सीन के और डोज कब तक मिलेंगे।

Exit mobile version