Site icon Yashbharat.com

वृद्ध के साथ हुई लूट का एनकेजे पुलिस ने किया 24 घंटे में पर्दाफाश

IMG 20200109 WA0018

कटनी। एनकेजे थाना अंतर्गत तिलक कालेज के पीछे छात्रावास के पास 61 वर्षीय वृद्ध के साथ हुई लूट का खुलासा करने में पुलिस को सफलता मिली है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से लूटी गई रकम व सामान बरामद की गई है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक तिलक कालेज के पीछे रहने वाले 61 वर्षीय वृद्ध शिव प्रसाद गुप्ता को छात्रावास के पास बुधवार को अज्ञात बदमाशों ने लूट लिया था।

पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध लूट का मामला धारा 392 के तहत दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। बताया जाता है कि पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के दिशा निर्देश तथा नगर पुलिस अधीक्षक एम.पी.प्रजापति के कुशल मार्गदर्शन में एनकेजे थाना प्रभारी अनिल काकड़े व उनकी टीम को 24 घंटे के अंदर ही लूट की इस वारदात से पर्दा उठाने में सफलता मिल गई।

लूट के इस मामले में पुलिस ने मन्नू उर्फ विकास यादव, छोटे उर्फ अविनाश यादव व विवेक सिंह ठाकुर नामक युवकों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से चार एंड्रायड मोबाइल, एक की पेड वाला मोबाइल व एक हजार रूपए नगद बरामद किए हैं।

बरामद किए गए सामान की कुल कीमत 35 हजार रूपए बताई जा रही है। लूट की वारदात का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी अनिल काकड़े के अलावा प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह, आरक्षक ताहिर खान, आरक्षक अखंड प्रताप सिंह व आरक्षक अजय प्रताप सिंह  की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने पुलिस टीम को पुरूस्कृत करने की घोषणा की है।

Exit mobile version