विशेष-138 वर्षों की परंपरा, शहर में आज से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कराएंगी रामलीलाएं

कटनी। शहर में आज से मर्यादा पुरषोत्तम भगवान श्री राम की लीला के जरिये भगवान राम के आदर्शों को शहर की दो पुरानी रामलीलाओं के द्वारा श्रद्धालुओं को आत्मसात कराया जाएगा। अगले करीब 24 दिन शहर में देर रात्रि भगवान श्री राम की लीला को देखने देर रात रामलीला प्रेमियों को सड़कों और रामलीला मैदानों में हुजूम दिखेगा। कटनी में रामलीला की यह परम्परा ऐतिहासिक और अति प्राचीन है। कटनी में रामलीला का मंचन गोलबाजार रामलीला में अब से 138 वर्ष पहले सन 1884 से प्रारम्भ हुआ था। तब से लेकर आज तक पीढ़ी दर पीढ़ी परम्परा का निर्वहन होता रहा। इसी तरह लगभग 60 वर्ष पहले घण्टाघर रामलीला का आगाज हुआ यहां भी आज पर्यंत भगवान श्री राम के जीवन चरित्र को कुशलता पूर्वक आत्मसात कराने के लिए घण्टाघर रामलीला कमेटी लगातार सक्रिय है।

आज मुकुट पूजन से गूंजेंगे रामलीला पंडाल
शहर की सबसे प्राचीन गोलबाजार रामलीला के साथ घण्टाघर रामलीला में आज भगवान श्री राम के मुकुट पूजन के साथ रामलीला का विधिवत शुभारम्भ होगा। गोलबाजार में इस वर्ष भी श्री हनुमान विजय रामलीला जबलपुर के ख्यातिलब्ध कलाकारों प सुनील तिवारी प्रदीप तिवारी के निर्देशन में कलाकार अपने अभिनय का शानदार प्रदर्शन करेंगे। सुनील तिवारी के अनुसार इस वर्ष गोलबाजर में कुछ टीवी के कलाकार भी अपना अभिनय प्रस्तुत करेंगे। उधर घण्टाघर में मेहर की प्रसिद्ध श्री शारदा रामलीला मंडली के कलाकार इस बार भी अपने अभिनय से श्रद्धालुओं का मन मोह लेंगे। दोनो प्रमुख रामलीला मंडली ओर इनके कलाकार आज कटनी पहुंच गए जो आज से भगवान राम के आदर्शों को आत्मसात कराने प्रतिभा का परिचय देंगे।

गोलबाजार रामलीला में कमेटी का गठन
गोलबाजार रामलीला में इस वर्ष रामलीला के सफल आयोजन को संचालित करने समिति का गठन किया गया है जिसमे अध्यक्ष का दायित्व एक बार पुनः राजेश काकवानी को सौंपा गया है। यहां सचिव भरत अग्रवाल सहित रवि खरे, प्रकाश सिंघानिया, रामरतन पायल, रणवीर कर्ण, सन्तोष जायसवाल, आशुतोष शुक्ला, शरद अग्रवाल, अंतिम गुप्ता, कैलाश गुप्ता, रामजी पांडे, ललित गुप्ता, संजय अग्रवाल, गिरधारी शर्मा, संजय गिरी, संजय चौदहा बेबू सहित करीब 100 लोगों को विविध जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अतिक्रमण से परेशान, आयुक्त को लिखा पत्र
गोलबाजार रामलीला मैदान एवं घंटाघर रामलीला मैदान में अतिक्रमण को लेकर चिंता है। आज से यहां रामलीला का मंचन होने जा रहा है। इसे लेकर कमेटी के पदाधिकारी नगर निगम से गुहार लगा रहे हैं। गालबाजार रामलीला कमेटी के महासचिव भरत अग्रवाल ने आयुक्त को पत्र लिखकर मैदान के आसपास पहले अतिक्रमण और अवैध रूप से रखे टपरे, ठेले आदि को हटाने की मांग की है।

Exit mobile version