Friday, May 15, 2026
Latest:
Latest

विशाखापट्टनम में फार्मा कंपनी में लगी भयंकर आग, दमकलकर्मी मौके पर

विशाखापट्टनम. आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के विशाखापट्टनम (Vishakapatanam) में एक फार्मा कंपनी (Pharma Company) में आग लगने की खबर सामने आई है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार ये आग जेएन फार्मा सिटी (JN pharma city) में एक फार्मा कंपनी में लगी है. घटनास्थल पर दमकलकर्मी इसे बुझाने का प्रयास कर रहे हैं. फिलहाल अभी तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है. सामने आई घटना की पहली तस्वीरों में आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दे रही हैं. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है.

कुछ मीडिया रिपोर्ट में कई लोगों के घायल होने की बात भी कही जा रही है. बताया जा रहा है कि ये हादसा इतना भयंकर था कि काफी दूर तक कई धमाकों की आवाजें भी सुनी गईं. फिलहाल 12 दमकलकर्मी मौके पर आग को बुझाने के प्रयासों में लगे हुए हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार फार्मा कंपनी में हुए इस हादसे में केमिकल्स की मौजूदगी के चलते कुछ ही देर में आग पूरे परिसर में फैल गई है.दमकलकर्मियों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस भी इस प्लांट में हुए हादसे की जांच के लिए पहुंची है. बताया जा रहा है हादसे के वक्त फैक्ट्री में बहुत कम लोग मौजूद थे और आग फैलने से पहले ही ये जान बचाकर फैक्ट्री से सुरक्षित बाहर निकल आए हैं. पुलिस स्थानीय लोगों न घबराने की सलाह दे रही है.

बता दें विशाखापट्टनम में इससे पहले मई में एलजी पॉलिमर की एक फैक्ट्री में केमिकल के रिसाव की घटना हुई थी. इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी जबकि एक हजार से ज्यादा लोग इससे प्रभावित हुए थे. इसके कुछ दिन बाद भी शहर की कई छोटी फैक्ट्रियों में रिसाव की खबरें सामने आई थीं.

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम