Site icon Yashbharat.com

विधानसभा निर्वाचन 2023: चुनावी खर्च के लिए प्रत्याशी अलग से खुलवाएं बैंक खाता

images 8

कटनी । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव लड़ रहे प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्वाचन के उद्देश्य से एक अलग बैंक खाता खोलना होगा । किंतु यह अभ्यर्थी द्वारा अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने के एक दिन पहले के पश्चात् नहीं होना चाहिए। अभ्यर्थी द्वारा नामांकन दाखिल करते समय इस बैंक खाते की खाता संख्या संबंधित रिटर्निग ऑफिसर को लिखित में देनी होगी।

अभ्यर्थी द्वारा पृथक बैंक खाता नहीं खोलने पर रिटर्निंग अधिकारी आयोग के अनुदेशों का पालन करने के लिए अभ्यर्थी को नोटिस जारी करेगा।

उपायुक्त नगर निगम एवं नोडल अधिकारी पवन कुमार अहिरवार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार न तो कोई अभिकर्ता एवं उनके अनुयायी और न अभ्यर्थी स्वयं ही निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन क्षेत्र में 50हजार रूपए से अधिक की नगद राशि ले जा सकता है।

बैंक खाता राज्य में कहीं भी खोला जा सकता है ।खाता सहकारी बैंकों सहित किसी भी बैंक या डाकघर में खोला जा सकता है। बैंक खाता अभ्यर्थी या निर्वाचन अभिकर्ता के साथ संयुक्त नाम से खोला जा सकता है। आयोग के निर्देशानुसार अभ्यर्थी द्वारा सभी निर्वाचन व्यय केवल इस बैंक खाते से ही किया जायेगा।

अभ्यर्थी अपने निर्वाचन व्ययों को निर्वाचन के उद्देश्य से खोले गए खाते से क्रॉस्ड अकाउंट पेयी चेक या ड्राफ्ट या आरटीजीएस अथवा एनईएफटी के माध्यम से उपगत कर सकेंगे। लेकिन 10 हजार रूपए तक के निर्वाचन व्यय को बैंक खाते से निकासी करके अभ्यर्थी नगद भुगतान कर सकेगा।

Exit mobile version