Site icon Yashbharat.com

वनडे व टी-20 सीरीज में कोहली को मिलेगा आराम, टीमों का चयन होगा आज

india cricket team m

नागपुर। विराट कोहली को श्रीलंका सीरीज के दूसरे भाग में आराम मिलेगा, जबकि जसप्रीत बुमराह को दक्षिण अफ्रीका दौरे पर चुने जाने के लिए कुलदीप यादव से कड़ी चुनौती मिल सकती है।राष्ट्रीय चयनकर्ता सोमवार को चार टीमों का चयन करेंगे, जिसमें श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टेस्ट, वनडे सीरीज और टी-20 सीरीज के साथ ही दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टेस्ट सीरीज के लिए टीम शामिल है।

कोहली आइपीएल से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं, उन्हें श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज और टी-20 सीरीज के लिए आराम दिया जाएगा। उनकी जगह रोहित शर्मा टीम की कप्तानी करेंगे।

अगर कोहली दिल्ली में होने वाले टेस्ट से भी हटने का फैसला करते हैं, तो फिर अजिंक्य रहाणे उनकी जगह टेस्ट टीम की कमान संभालेंगे।

चयनकर्ताओं का ध्यान पूरी तरह से दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए चुने जाने वाली टेस्ट टीम पर होगा, जो कोहली का कप्तान के रूप में बड़ा टेस्ट होगा।

उम्मीद जताई जा रही है कि टेस्ट सीरीज के लिए 17 सदस्यीय टीम का चयन किया जाएगा, जिसमें चार तेज गेंदबाज और तीन स्पिनर या फिर पांच तेज गेंदबाज और दो स्पिनर हो सकते हैं।

दक्षिण अफ्रीका की तेज पिचों को देखते हुए जसप्रीत बुमराह को जगह मिल सकती है। वहीं, चार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, मुहम्मद शमी, इशांत शर्मा और उमेश यादव का चुना जाना तय है। दिल्ली के नवदीप सैनी इस टीम में एक नया चेहरा हो सकते हैं।

हार्दिक पांड्या का ऑलराउंडर के तौर पर चयन पक्का है, जो टीम के पांचवें तेज गेंदबाज की भूमिका भी निभाएंगे। इससे टीम में रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के अलावा कुलदीप यादव या युजवेंद्र चहल के टीम में जगह बनाने का रास्ता खुल जाएगा।

टीम में सात बल्लेबाज चुने जाने की उम्मीद है, जिसमें तीन सलामी बल्लेबाज और चार मध्य क्रम के बल्लेबाज चुने जाएंगे। सलामी बल्लेबाजों में केएल राहुल, शिखर धवन और मुरली विजय का चुना जाना तय है।

मध्य क्रम में कोहली, रहाणे, रोहित और चेतेश्वर पुजारा शामिल होंगे। विकेटकीपर में ऋद्धिमान साहा पहली पसंद होंगे, लेकिन लंबे विदेशी दौरे को देखते हुए पार्थिव पटेल को टीम में जगह मिल सकती है।

श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों के लिए चुने जाने वाली टीम की बात करें तो मनीष पांडे और श्रेयस अय्यर का चुना जाना तय है, मुहम्मद सिराज टी-20 टीम में जगह बना सकते हैं। भविष्य को देखते हुए बासिल थंपी और वाशिंगटन सुंदर को भी जगह मिल सकती है।

Exit mobile version