लोगों के हाथों से छीनकर सिगरेट पीती है यहां की भेड़

बेंगलुरू। इंसानों के सिगरेट की तलब के बारे में तो आपने कई बार सुना होगा, मगर किसी जानवर को सिगरेट की लत हो, ऐसा सुनने को नहीं मिलता है।

मगर कर्नाटक में ऐसी ही एक भेड़ सामने आई है, जिसे सिगरेट की लत है। जिसे पूरा करने के लिए ये भेड़ किसी भी हद तक चली जाती है। ये भेड़ अक्सर चाय की दुकानों के बाहर और बाजार में घूमती नजर आ जाती है और मौका मिलते ही लोगों के हाथों से सिगरेट छीन लेती है।

भेड़ के मालिक ने बताया कि सड़क किनारे पड़े तंबाकू, गुटखा के पाउच चाटने से शुरुआत हुई, मगर धीरे-धीरे भेड़ को इसकी लत लग गई और फिर इसने चारा छोड़कर सिगरेट के कश लगाना शूरू कर दिया।

भेड़ को इस कदर सिगरेट का नशा हो गया कि वो कई बार सब्जियां और घास तक नहीं खाती है। गांवों में कई बार किसान जानवरों के पेट में हो गए कीड़ों को मारने के लिए तंबाकू का सहारा लेते हैं। वहीं जब जानवर ज्यादा बीमार हो जाते हैं तो उन्हें अधिक मात्रा में तंबाकू खिलाया भी जाता है। मगर वेटेनरी डॉक्टर्स की मानें तो कई बार इस वजह से जानवरों पर बुरा असर पड़ता है।

तंबाकू में मौजूद निकोटिन की वजह से जानवरों की लार ज्यादा टपकने लगती है, वहीं कई बार उल्टी, दस्त की वजह से उनकी मौत भी हो जाती है।

Exit mobile version