Site icon Yashbharat.com

कटनी में अब सभी लोक सेवा केंद्रों में भी बन सकेंगे आधार कार्ड

aadhar card

कटनी। कटनी में अब सभी लोक सेवा केंद्रों में भी आधार कार्ड Aadhar card बन सकेंगे। जिले में आधार कार्ड बनाने और आधार कार्ड में संशोधन कराने अपग्रेडेशन की सुविधा के लिए अब पूर्व से चल रहे 9 आधार सेंटर के अलावा जिले के 8 लोक सेवा केंद्रों में भी आधार की नई मशीन लगाकर लोक सेवा केंद्रों में भी आधार की सेवाएं शुरू की गई । लोक सेवा केंद्रों से आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा पूर्व में ही उपलब्ध कराई जा चुकी है।

आधार सेवा सेंटर्स

कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने सभी लोक सेवा केंद्र संचालकों को लोक सेवा केंद्रों के कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आम नागरिकों को आधार कार्ड बनवाने और सुधार कार्य की सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। समय सीमा प्रकरणों की बैठक में जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस सौरभ नामदेव ने बताया कि सभी लोक सेवा केंद्रों में मशीन और ऑपरेटर उपलब्ध कराए गए हैं। पूर्व में चल रहे 9 आधार सेवा सेंटर्स के अलावा 8 लोक सेवा केंद्रों में आधार सेवा जोड़ने से पूरे जिले में 17 आधार सेवा सेंटर से लोगों को सुविधाजनक सेवा मिल सकेगी।

लोेक सेवा गारंटी के जिला प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा ने बताया कि जिले के सभी लोक सेवा केंद्रों में आयुष्मान भारत योजना के कार्ड बनाने की सेवाएं पूर्व में ही शुरु कर दी गई हैं। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा लोक सेवा केंद्र से भी आयुष्मान कार्ड की सेवाएं सुविधाजनक रुप से मिल रही हैं। अब तक एक भी आयुष्मान कार्ड नहीं बनाने वाले 2 लोक सेवा केंद्र संचालकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इन लोक सेवाकेंद्रों में मिलेंगी आधार सेवाएं: जिले में लोक सेवा केंद्र कटनी ग्रामीण, जनपद पंचायत कटनी, नगर निगम कटनी, जिला अस्पताल, लोक सेवा केंद्र विजयराघवगढ़, नगर परिषद् बरही, जनपद बहोरीबंद, लोक सेवा केंद्र बहोरीबंद, लोक सेवा केंद्र ढीमरखेड़ा, अस्पताल ढीमरखेड़ा, ग्राम पंचायत उमरियापान, लोक सेवा केंद्र रीठी, कटनी शहरी लोक सेवा केंद्र, लोक सेवा केंद्र बड़वारा, साधूराम स्कूल, नगर निगम जोन कार्यालय-3 एवं लोक सेवा केंद्र स्लीमनाबाद में आधार कार्ड बनाने की सेवाएं प्रदान की गई हैं। आम नागरिक इन आधार केंद्र या लोक सेवा केंद्र में कार्यालयीन समय में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उपस्थित होकर आधार पंजीयन, संशोधन या अपग्रेडेशन करा सकते हैं।

Exit mobile version