लाखों नहीं करोड़ों में हो सकती है कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या! रिसर्च रिपोर्ट का अनुमान

नई दिल्ली। कोरोना वायरस जिस तेजी से लोगों को अपनी गिरफ्त में ले रहा है उसको देखते हुए इससे जल्द छुटकारे की उम्मीद धुंधली होती जा रही है। ऐसा इसलिए भी है कि क्योंकि इसकी वजह से जान गंवानें वालों का आंकड़ा एक लाख तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। इसकी एक दूसरी वजह ये भी है कि इसकी कोई पुख्ता दवा पूरी दुनिया में किसी देश के पास भी उपलब्ध नहीं है। इतना ही नहीं कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या को लेकर उठ रहे सवाल भी इन्हीं आशंकाओं को बल दे रहे हैं। इन सभी के बीच लांसेट इंफेक्शन डिजीज में पब्लिश हुआ एक रिसर्च पेपर भी इसी तरफ इशारा कर रहा है।
इस रिसर्च पेपर को जर्मनी की ग्योटिंगन यूनवर्सिटी के शोधकर्ता रिसर्चर क्रिस्टियान बोमर और सेबास्टियान फोलमर ने तैयार किया है। उन्होंने इसमें कहा है कि इस बात की बहुत ज्यादा संभावना है कि दुनिया भर की स्वास्थ्य सेवाओं ने जितने मामले दर्ज किए हैं, वे बेहद कम हैं। इस रिसर्च पेपर के आधार पर कई अखबारों ने इसको प्रमुखता से प्रकाशित भी किया है। आपको बता दें कि सेबेस्टियन फोलमर डेवलेपमेंट इकनॉमिक्स के प्रोफेसर हैं।







