Site icon Yashbharat.com

लव जिहाद बता रिसेप्शन में घुस गए बजरंग दल वाले: हुआ हंगामा

shadi

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली से सटे गाजियाबाद में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के युवक-युवती की शादी को ‘लव जिहाद’ का रंग देने मामला सामने आया है।

 

बीजेपी और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। मुस्लिम युवक और हिंदू युवती की पांच साल पहले मुलाकात हुई थी। एमबीए की पढ़ाई कर चुका मुस्लिम युवक और पेशे से डॉक्‍टर हिंदू युवती बहुराष्‍ट्रीय कंपनी में काम करते हैं। दोनों की शादी शुक्रवार को परिवारों की सहमति से हुई थी, लेकिन भाजपा और बजरंग दल के कार्यकर्ता इसे ‘लव जिहाद’ करार देते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस के हस्‍तक्षेप के बाद यह मामला किसी तरह सुलझा। घटना के बाद इलाके में तनाव है। पुलिस की तैनाती भी बढ़ा दी गई है। लड़की पक्ष ने गाजियाबाद के कविनगर थाने में इसकी शिकायत दी है।

जानकारी के मुताबिक, राजनगर निवासी युवती और युवक सहपाठी रह चुके हैं। दोनों ने शुक्रवार को विशेष विवाह कानून के तहत कोर्ट में शादी की थी। शाम को रिसेप्‍शन रखा गया था। इसकी सूचना मिलते ही गाजियाबाद शहर के भाजपा अध्‍यक्ष अजय शर्मा के नेतृत्‍व में दर्जनों कार्यकर्ता राजनगर के रिसेप्‍शन स्‍थल पर पहुंच गए थे। बाद में बजरंग दल, हिंदू रक्षा दल और धर्म जागरण मंच के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। ये लोग तकरीबन पांच घंटे तक हंगामा करते रहे। आखिरकार हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। लड़की के एक चाचा ने धर्मांतरण के आरोपों को खारिज किया। उन्‍होंने बताया कि दोनों परिवार एक-दूसरे को जानते हैं। बच्‍चों ने जब अपनी पसंद के बारे में बताया तो परिवार ने इसकी अनुमति दे दी थी। युवती के पिता गाजियाबाद के जानेमाने व्‍यवसायी हैं और दादा आईएएस अधिकारी रह चुके हैं। युवक के पिता दिल्‍ली में प्रोफेसर हैं। युवक का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ का है, लेकिन वे कई वर्षों नोएडा में रह रहे हैं। लड़की के परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने की भी बात कही है।

Exit mobile version