Site icon YASHBHARAT.COM

ललितपुर से इंदौर जा रही कार विदिशा में पुल से नीचे गिरी, 3 घायल

1600x960 362800 car

विदिशा। विदिशा जिले की नटेरन थाना क्षेत्र के जोहद पुल से एक कार नीचे नदी में गिर गई। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार लोग ललितपुर से इंदौर जा रहे थे। घटना रविवार सुबह करीब 10:30 बजे की है, इंदौर 11 सी रतलाम कोठी निवासी अजय सिंह और उनके छोटे भाई विजेंद्र सिंह अपनी पत्नी और बच्चों को ललितपुर बच्चों की नानी के घर छोड़कर वापस अपने घर इंदौर जा रहे थे। तभी जोहद पुल पर अचानक सामने हार्वेस्टर आ गया जिससे बचने के चक्कर में कार पुल के नीचे जा गिरी।

राह चलते लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया, इसके बाद एंबुलेंस से तीनों घायलों को विदिशा जिला अस्पताल लाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना में अजय सिंह और उनके भाई विजेंद्र सिंह को हाथ में अंदरूनी चोट आई है। वहीं कार चालक हेमराज यादव के सिर में गंभीर चोट पहुंची है। घायल अजय सिंह ने बताया कि वह इंदौर में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं वहीं उनके भाई पुरानी गाड़ियों को खरीदने और बेचने का काम करते हैं।

पुल पर होते रहते हैं हादसे

जोहद पुल पर रेलिंग नहीं होने से आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। पुल पर गड्ढे होने और रेलिंग ना होने से अक्सर यहां वाहन पुल के नीचे गिरते हैं। सीधी जिले में बस हादसे के बाद कलेक्टर ने पुल पुलियों पर रेलिंग लगाने के निर्देश दिए थे लेकिन अब तक पुलों पर रेलिंग लगी नहीं है।

Exit mobile version