जबलपुर, मुनप्र। आज सुबह मानिकपुर रेलवे स्टेशन से एडवांस सिगनल पर बास्कोडिगामा पटना एक्सप्रेस ट्रेन के डिरेल हो जाने से इस गाड़ी के एस 3 से एस 11 तक के डिब्बे दो जनरल कोच और दो एक्सट्रा कोच प्रभावित हुए हैं।
इस घटना में जहां तीन लोगों की मौत हो गयी वहीं 8 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद जबलपुर से गुजरने वाली कई गाड़ियां प्रभावित हुईं जिन्हें परिवर्तित मार्गोंं से गंतव्य की ओर रवाना किया गया है। रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इलाहाबाद की ओर जाने वाले गाड़ियों को ओहान कानपुर होते हुए इलाहाबाद के रास्ते भेजा जा रहा है जबकि कटनी सिंगरौली चौपन और चुनार के रास्ते भी कुछ ट्रेनों को रवाना किया गया है।
मानिकपुर में हुए इस रेल हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है उसमें दीपक पटेल पिता रामस्वरूप पटेल, थाना मझौलिया जिला बेतिया, गोलू कुमार पुत्र दीपक पटेल और एक अज्ञात की मौत हुई है जबकि घायलों में वाराणसी जिला के हरदली बाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले अजय पिता जमुना प्रसाद सुदामी थाना भगवत नगर जिला शिवान, अरविंद वर्मा पिता आनन्द कुमार वर्मा हरदली बाजार थाना वाराणसी, रिंकी पत्नी अर्जुन कुमार थाना साउथ रेलवे स्टेशन गोवा इंदल चौहान पिता रामकरन चौहान चिरौली थाना चौपन जिला सोनभद्र अभिषेक पिता अशोक कुमार सहजपुरा थाना नादरीगंज जिला नावदा, राजकुमारदास पुत्र नगीना दास पंचमी मुबारक थाना, राजाशंकर जिला वैशाली, मंजीत देवी पत्नी संजीव शाह तेजपुर जाफर थाना उजियारपुर जिला समस्तीपुर, के अलावा चन्द्रशेखर पिता विश्वनाथ सोनभद्र और रामेश्वर पिता रामनारायण थाना भेलदी शामिल हैं।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी लगने पर डॉक्टर्स और रेल अधिकारियों की टीम मौके के लिए रवाना हो गयी थी। रेल हादसे के बाद हेल्प लाइन नंबर भी जारी किये गये हैं जिसमें जबलपुर के लिए 0761-2677746, कटनी 07622-297468 और सतना के लिए 0767-2228510 जारी किए गए हैं। इसके अलावा अन्य हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गये हैं। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग स्टेशन भी पहुंचे थे जिनके परिचित और रिश्तेदार इस गाड़ी में यात्रा कर रहे हैं तथा उनके संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही थी।

