नई दिल्ली. कोरोनावायरस हर दिन तेजी से फैलता जा रहा है। देश में अब तक 344 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। इसकी गंभीरता को देखते हुए रेलवे सभी ट्रेनों को 31 मार्च तक बंद करने पर विचार कर रहा है। रेलवे बोर्ड की मीटिंग जारी है। इस बीच खबर है कि रेलवे ने सभी ट्रेनों का संचालन 31 मार्च तक बन्द करने का निर्णय ले लिया है। पंजाब को 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है।
कोरोना से देश में छठी मौत
इस संक्रमण से शनिवार रात मुंबई और पटना में दो और मौतें हो गई हैं। मुंबई में जिस मरीज की मौत हुई उनकी उम्र 63 साल थी और पटना वाले की 38 साल। दोनों डायबिटीज के मरीज थे। इससे पहले कर्नाटक के कलबुर्गी, दिल्ली, पंजाब के नवांशहर और मुंबई में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई थी।
तृणमूल ने अपने सांसदों से अपने क्षेत्र में लौटने को कहा
तृणमूल ने कोरोनावायरस संकट को देखते हुए अपने सांसदों को पार्लियामेंट से लौटने और अपने संसदीय क्षेत्र में जाने को कहा। संसद में राज्यसभा में 44% और लोकसभा में 22% सांसद 65 साल से अधिक उम्र के हैं।
जनता कर्फ्यू पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूसरी बार अपील
जनता कर्फ्यू शुरू हो रहा है…
मेरी विनती है कि सभी नागरिक इस देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनें और कोरोना के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाएं।
हमारा संयम और संकल्प इस महामारी को परास्त करके रहेगा। #JantaCurfew

