रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के जनेह थाना के ग्राम डोडा चौहानन में बुधवार रात एक 40 वर्षीय व्यक्ति रतन सिंह पुत्र देवेंद्र बहादुर सिंह चौहान की डंडों से पीट-पीट कर हत्या का एक मामला सामने आने के बाद रीवा कांग्रेस सेवादल के ग्रामीण जिलाध्यक्ष अजय तिवारी ने इसका स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि रतन सिंह नाम का कोई भी पदाधिकारी सेवादल में नहीं है। मीडिया में खबर फैली थी कि रतन कांग्रेस सेवादल से जुड़ा है।
श्री तिवारी ने इस खबर के वायरल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि यह सेवा दल को बदनाम करने की साजिश है।
बहरहाल पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। हमला पुरानी रंजिश को लेकर किया गया।
आपको बता दें कि पुलिस सूत्रों ने बताया था कि, रतन सिंह समीप के गांव गढ़ी गए थे और रात में घर लौटते समय घात लगाकर बैठे हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावरों के भागने के बाद घायल रतन सिंह ने पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी। घर के सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक रतन सिंह की मौत हो चुकी थी।
सूत्रो के अनुसार वर्ष 2015 में रतन सिंह और गांव के कुछ लोगों में जमीन को लेकर मारपीट हुई थी। इस मारपीट में मुख्य गवाह की मौत हो गई थी। हत्या के मामले में रतन सिंह को जेल हुई थी और वह जमानत पर रिहा हुए था।
