भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने 18 वें एशियन गेम्स की रजत पदक विजेता भारतीय महिला टीम की सदस्य रीना खोखर और मोनिका को 75-75 लाख रुपए की सम्मान राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी।
भारतीय महिला हॉकी टीम को फाइनल में जापान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। जापान ने यह मैच 2-1 से जीता था। भारत को 20 साल बाद रजत पदक मिला। भारत को 1998 में कोरिया के हाथों हार के बाद रजत पदक मिला था।
इससे पहले जबलपुर (मप्र) की तीरंदाज मुस्कान किरार ने एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था। मुस्कान, मधुमिता कुमारी और ज्योति सुरेखा वेन्नम की भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम को फाइनल में दक्षिण कोरिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। मध्यप्रदेश सरकार ने मुस्कान किरार को रजत पदक जीतने पर 75 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।
मध्यप्रदेश सरकार ने इसके अलावा सेलिंग में ओपन लेसर 4.7 इवेंट में कांस्य पदक जीतने वाली 16 वर्षीया हर्षिता तोमर को 50 लाख की सम्मान राशि देने की घोषणा की थी। हर्षिता ने शुक्रवार को ओपन लेसर 4.7 इवेंट में तीसरे स्थान पर रहीं। ओपन लेसर 4.7 इवेंट में हर्षिता ने 74 अंक और कुल 62 अंक बनाए। कमान शाह (मलेशिया) ने 25 अंक और 20 नेट अंकों के साथ स्वर्ण और वेंग जियानझियोंग (चीन) ने रजत पदक जीता। भारत के गोविंद बैरागी 81अंक और 67 नेट अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे।