जबलपुर। रिटायर्ड ASP के घर चोरी करने वाले नौकर को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के जेवर और कैमरा बरामद किए। रिटायर्ड एएसपी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उन्होंने देखभाल के लिए नौकर रखा था। घर में जेवर और कैमरा देख उसकी नीयत डोल गई थी। विजय नगर पुलिस ने गढ़ा स्थित नौकर के नए कमरे पर दबिश देकर दबोचा।
5 नवम्बर को दर्ज कराई थी शिकायत
विजय नगर थाने में 5 नवम्बर को कचनार सिटी रविंद्र सिंह ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि उसके बड़े भाई सुरेंद्र सिंह ASP रह चुके हैं। वे गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। घर में काम करने के लिए करमेता निवासी सचिन विश्वकर्मा को रखा था। रात को वह काम कर चला जाता था। 26 अक्टूबर को उसकी भाभी कृष्णा ठाकुर ने एक पर्स में 10 ग्राम की चेन, 5 ग्राम की अंगूठी और चांदी की बिछिया अलमारी में रखे थे।
पूछताछ करने पर काम ही छोड़ दिया
गलती से चाबी अलमारी से लगी रह गई थी। पास में ही एक कैमरा रखा था। 27 अक्टूबर को बैग और कैमरा गायब था। नौकर सचिन विश्वकर्मा से पूछा तो वह टालमटोल करने लगा। 30 अक्टूबर से उसने बिना बताए काम पर आना बंद कर दिया। मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया। यहां तक कि करमेता में जिस मकान में रहता था, उसे भी खाली कर भाग गया। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच में लिया था।
गढ़ा में ले लिया था मकान
विजय नगर थाना प्रभारी ट्रेनी आईपीएस प्रियंका शुक्ला ने बताया कि छानबीन में पता चला कि उसने गढ़ा क्षेत्र में नया मकान किराए पर लिया है। रविवार को टीम ने चिकनी कुंआ गढ़ा बाजार में दबिश दी। पुलिस को देख वह भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोचा

