रायसेन : नए गेहूं के बीच में भरकर वेयर हाऊस भेज दिया दो ट्रक सड़ा गेहूं
रायसेन। जिले की गैरतगंज की विपणन सहकारी समिति के खरीदी केन्द्र से दो ट्रकों में भरकर नए गेहूं के बीच घुन लगा 700 बोरी गेहूं वेयर हाऊस भेज दिया। जब वेयर हाऊस कर्मचारियों ने बोरी चैक की तब पता चला कि गेहूं पुराना और घुन लगा हुआ है।
गोदाम संचालक श्यामलाल चौकसे ने इसकी जानकारी नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों को दी। नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक एमएस तोमर ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पंचनामा बनाया। इस मामले में समिति संचालक का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि पुराना गेहूं कैसे आया। लेकिन वे हम्मालों पर आरोप लगाने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि हम्मालों ने किसानों से ऐसा गेहूं खरीदा हो।
रविवार को विपणन सहकारी समिति मर्यादित गैरतगंज के खरीदी केन्द्र से ट्रक क्रमांक एमपी 06 ई 4017 और ट्रक क्रमांक एमपी 9 केडी 7275 से गुरुसाहब चौकसे वेयर हाऊस गेहूं भेजा गया था।
गोदाम संचालक श्यामलाल चौकसे ने कर्मचारियों के साथ गेहूं की बोरियों को चैक किया, तो ट्रक में रखीं अधिकांश बोरियों में घुन लगा गेहूं निकला, जब उन्होंने दूसरे ट्रक में भरी बोरियां चैक की, तो उसमें भी यही स्थिति थी। दोनों ट्रकों में लगभग 700 गेहूं की बोरियों में पुराना और घुन लगा गेहूं रखा हुआ था।
घुन लगे गेहूं की बोरियों को ट्रक में नए गेहूं के बीच रखा गया था। ताकि किसी को पता ना चल सके। गोदाम संचालक ने बताया कि यदि हम गेहूं को चैक नहीं करते तो घुन लगा गेहूं दूसरे गेहूं को खराब कर देता। गौरतलब है कि 5 साल पहले भी इसी समिति का गेहूं राहतगढ़ में पकड़ा था। तब भी इस मामले को रफादफा कर दिया गया था।
मुझे जानकारी नहीं है
गेहूं पुराना कैसे पहुंच गया मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है। हो सकता है कि हम्मालों ने किसानों से पुराना गेहूं खरीदी लिया हो या मेरे खिलाफ साजिश रची हो।
भगवत लोधी प्रबंधक, विपणन सहकारी समिति मर्यादित गैरतगंज
दो ट्रकों में मिला खराब गेहूं
दोनों ट्रकों में पुराना घुन लगा गेहूं निकला है। पंचानामा बनाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
एमएस तोमर नागरिक आपूर्ति निगम प्रबंधक, रायसेन
जांच चल रही है
गैरतगंज विपणन सहकारी समिति से जो गेहूं खरगावली वेयर हाऊस भेजा गया था, वह गेहूं पुराना निकला है। मामले की अधिकारी जांच कर रहे हैं, जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा। उस पर कार्रवाई की जाएगी।