भोपाल। शिवराज मंत्रिमंडल के नए सदस्यों का शपथ विधि कार्यक्रम राजभवन के सांदीपनि सभागार में गुरुवार सुबह 11 बजे होगा। इसके लिए बुधवार देर शाम से राजभवन में तैयारियां शुरू कर दीं।
बताया जा रहा है कि कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए चुनिंदा गणमान्य नागरिकों को ही कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
जो मंत्री बनाए जाएंगे, उनके कुछ परिवार के सदस्य ही आ सकेंगे। मंच पर भी कुर्सियां दो-दो फीट की दूरी पर रहेंगी। सामान्य स्थितियों में सांदीपनि सभागार में चार सौ लोग बैठ सकते हैं।
भोपाल पहुंचने के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि मंत्रिमंडल में सभी को समायोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची गुरुवार को ही सार्वजनिक की जाएगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विष पीने के बयान के जवाब में कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। कोई कठिनाई नहीं, कोई असंतुष्ट नहीं है। सब ठीक हो जाएगा।

