Site icon Yashbharat.com

मौसिया के निधन की खबर पाकर कटनी आ रहे युवक की ट्रेन में थमी सांसे

wp 16152796712307678863773643385215

कटनी। मौसिया के दु:खद निधन की खबर पाकर भोपाल से कटनी आ रहे युवक की ट्रेन में सफर के दौरान गाडरवारा के समीप सांसे थम गईं। युवक इंदौर से बिलासपुर के बीच कटनी साउथ स्टेशन होकर चलने वाली नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन में भोपाल से कटनी आ रहा था।

उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह की शिवधाम कालोनी निवासी पंत परिवार में यह दु:खद घटना हुई है। पंत परिवार में कुछ घंटों के अंतराल में हुईं दो मौतों से क्षेत्र में शोक की लहर है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक छपरवाह की शिवधाम कालोनी निवासी 76 वर्षीय गिरीशचंद्र पंत की कल सोमवार की शाम उस समय हृदयगति रूकने से मौत हो गई।

जब वो शौचक्रिया के लिए शौचालय में गए थे। काफी देर तक शौचालय से बाहर न निकलने पर जब परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो गिरीशचंद्र पंत शौचालय के अंदर मृत अवस्था में पड़े थे। गिरीशचंद्र पंत के मौत की खबर भोपाल में नौकरी करने वाले उनके साढ़ू भाई के पुत्र 49 वर्षीय नरेश पंत पिता हीराबल्लभ पंत को लगी तो वो अपने मौसिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने नर्मदा एक्सप्रेस से कटनी के लिए रवाना हो गया।

बताया जाता है कि ट्रेन में सफर के दौरान गाडरवारा के समीप नरेश पंत की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई। गिरीश पंत के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे परिवार व मोहल्ले वालों को जैसे ही नरेश पंत के भी निधन की खबर लगी, वैसे ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उधर एक साथ दो लोगों की मौत से पंत परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

छोटी बहन के पति व बड़ी के पुत्र की मौत से शोक

एक जानकारी में बताया जाता है कि गिरीश पंत और नरेश के पिता हीराबल्लभ पंत आपस में साढ़ू भाई हैं। वहीं दोनों की धर्मपत्नियां भी आपस में सगी बहने हैं। इसलिए इस दु:खद घटना में छोटी बहन के पति गिरीश पंत की मौत हो गई तो बड़ी बहन के पुत्र की सफर के दौरान ट्रेन में सांसे थम गईं।

एक साथ होगा अंतिम संस्कार

क्षेत्रवासियों ने बताया कि पहले गिरीश पंत के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी लेकिन नरेश पंत की मौत की सूचना के बाद अब दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा क्योंकि परिवार के कुछ सदस्य व मोहल्ले वाले नरेश पंत के शव को लेने गाडरवारा रवाना हो गए हैं।

Exit mobile version