Site icon Yashbharat.com

मौलाना सलमान नदवी से मिले श्रीश्री रविशंकर, अयोध्या विवाद पर चर्चा

shri shri 28 10 2017

नई दिल्‍ली। आर्ट ऑफ़ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर ने गुरुवार को राजधानी लखनऊ में आल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड से निष्कासित मौलाना सलमान नदवी से मुलाकात की. इस दौरान पूर्व आईएएस अनीस अंसारी और कई अन्य मौलाना भी मौजूद रहे. दोनों के बीच अयोध्या में मंदिर मस्जिद विवाद को लेकर चर्चा हुई.

मुलाकात के बाद श्रीश्री रविशंकर ने मीडिया से बातचीत में कहा, “ हमें सभी पक्षों की तरफ से अच्छा रिस्पांस मिल रहा है. हम दोनों समुदायों के बीच सौहार्द और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण को लेकर बात कर रहे हैं. हमें मुस्लिम समुदाय की तरफ से काफी सहयोग और स्नेह मिल रहा है.”

इससे पहले बुधवार को बलरामपुर में हुए संत समागम के लिए बलरामपुर पहुंचे श्रीश्री रविंशंकर ने राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद के विवाद पर कहा कि कोर्ट से इस समस्या का कोई हल नहीं निकल सकता है. उन्होंने कहा कि कोर्ट के फैसले से किसी एक पक्ष को हार स्वीकार करनी पड़ेगी. जो पक्ष हारेगा, वो अभी तो मान जाएगा लेकिन कुछ समय बाद फिर बवाल शुरू हो जाएगा. राम जन्मभूमि विवाद पर कोई नया फार्मूला बनाये जाने के प्रश्न पर श्रीश्री रविशंकर ने कहा कि शीघ्र ही सौहार्दपूर्ण माहौल में कोर्ट के बाहर विवाद हल होने की पूरी उम्मीद है.

विपक्षियों के आरोपों पर श्रीश्री ने कहा कि अज्ञानता का प्रदर्शन करने का सभी को अधिकार है. श्रावस्ती जाते समय श्रीश्री रविशंकर बलरामपुर में पत्रकारों के सवालों के जबाव दे रहे थे. इससे पहले गोरखपुर से बलरामपुर के लिए रवाना हो रहे श्रीश्री रविशंकर ने राम मंदिर निर्माण को लेकर कहा कि उनकी कोशिश है कि मंदिर आम सहमति से बने इसका प्रयास किया जा रहा है, और इसका रिजल्ट अच्छा आ रहा है.

इस दौरान उन्होंने मंगलवार शाम को गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी से हुई मुलाकात के सवाल को टालते हुए कहा कि विकास और देश के मुद्दे पर चर्चा हुई. रविशंकर ने उनके प्रयासों के हो रहे विरोध पर कहा कि कुछ लोग विरोध कर रहे हैं. अच्छे काम का विरोध होता ही है. पर उससे कुछ रुकेगा नहीं. रविशंकर ने कहा कि राम मंदिर निर्माण को लेकर उनके प्रयास को सफलता जरूर मिलेगी.

Exit mobile version