मोदी सरकार के मंत्रिपरिषद की पहली बैठक आज, तय होगा अगले पांच साल का रोडमैप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केंद्रीय मंत्रिपरिषद के साथ पहली बार बैठक करने वाले हैं. माना जा रहा है कि इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्रियों के सामने अपनी सरकार का रोडमैप रखेंगे. इसके अलावा इस बैठक में अगले पांच साल में सरकार के कामकाज को लेकर योजनाओं पर भी चर्चा हो सकती है.
राज्यमंत्रियों को मिलेगी जिम्मेदारी! सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में राज्य मंत्रियों के कामकाज पर भी चर्चा होगी. कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री मंत्रालयों को चलाने में राज्य मंत्रियों की भूमिका रेखांकित कर सकते हैं. ऐसे में कैबिनेट मंत्रियों को अपने सहायकों को पर्याप्त जिम्मेदारियां देने के लिए कहा जा सकता है. इसका मुख्य मकसद है मंत्रालयों का काम सुचारू रूप से चलाना और जिम्मेदारी तय करना.
अगले पांच साल का प्लान सरकार के अगले पांच साल के लिए कार्य योजना पर भी चर्चा हो सकती है. पीएम मोदी इसको लेकर मंत्रियों को संबोधित भी कर सकते हैं. मोदी सरकार के पिछले कार्यकाल में मंत्रिपरिषद की बैठक नियमित रूप से होती थी. प्रधानमंत्री मंत्रियों को सरकार की अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं और उनके बारे में लोगों को जागरूक करने के संबंध में बताते थे. इस बैठक में पीएम महत्वपूर्ण मंत्रालयों के प्रदर्शन की समीक्षा भी करते थे.
सचिवों से मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने निवास लोक कल्याण मार्ग पर भारत सरकार के सभी सचिवों से मुलाकात की थी. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, निर्मला सीतारमण और डॉ जितेंद्र सिंह मौजूद थे.इस दौरान विभिन्न सचिवों ने प्रशासनिक निर्णय लेने, कृषि, ग्रामीण विकास और पंचायती राज, आईटी पहल, शिक्षा सुधार, स्वास्थ्य देखभाल, औद्योगिक नीति, आर्थिक विकास, कौशल विकास आदि विषयों पर अपनी दृष्टि और विचारों को साझा किया.