Site icon YASHBHARAT.COM

मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने दिल्ली में प्रदेश के सांसदों को दिया रात्रि भोज, मंत्रिमंडल को आज फाइनल टच

l bhopal211223092537 843

नई दिल्ली। मंत्रिमंडल विस्तार की खबरों के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने गुरुवार को दिल्ली में प्रदेश के सांसदों को रात्रि भोज दिया। इसमें 26 सांसद शामिल हुए। इस दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा के समन्वय, भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रदेश में क्रियान्वयन और भारत सरकार के समक्ष लंबित प्रदेश से जुड़े विषयों पर संसदीय क्षेत्रवार चर्चा हुई।

डा. यादव मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित वरिष्ठ नेताओं से भेंट भी करेंगे। इसमें इसे अंतिम रूप दिया जा सकता है।

मध्य प्रदेश भवन में आयोजित रात्रि भोज कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा एवं संगठन महामंत्री हितानंद उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत में सांसदों ने मुख्यमंत्री स्वागत किया और प्रदेश के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और हितानंद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर वरिष्ठ नेताओं से भेंट करेंगे।

इसमें मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नेताओं के नाम को अंतिम रूप दिया जा सकता है। विधानसभा का सत्र समाप्त होने के बाद पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी दिल्ली पहुंच गए हैं।

Exit mobile version