संदिग्ध परिस्थिति में घायल मिला छत्तीसगढ़ का लिपिक
कटनी। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चापा जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय में पदस्थ एक बाबू आज कोतवाली थाना अंतर्गत गांधीगंज क्षेत्र में घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसका एक पैर भी टूटा हुआ था। उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
बाबू को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जांजगीर चापा के कलेक्ट्रेट की शिकायत शाखा में पदस्थ सी.के.राठौर अपने कुछ दोस्तों के साथ नवरात्र पर्व में देवी दर्शन करने मैहर गया था। मैहर से देवी दर्शन के बाद वह दोस्तों के साथ वापस कटनी लौटा और कटनी स्टेशन में ट्रेन की प्रतीक्षा करने लगा।
इसी दौरान उसके दोस्त स्टेशन के बाहर चायपान करने निकले तो वह भी उनके पीछे आ गया। इसके बाद सी.के.राठौर लापता हो गया और गांधीगंज क्षेत्र में आज घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसका एक पैर में भी गंभीर चोट के निशान हैं। उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने के कारण वह अभी घटना के संबंध में कुछ बता नहीं पा रहा है लेकिन यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि स्टेशन के बाहर से उसका बदमाशों ने अपहरण कर लिया और उसके साथ बंधक बनाकर बुरी तरह मारपीट की तथा बदमाशों के चंगुल से छूटकर भागते समय ऊंचाई से गिरकर वह घायल हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।