मुम्बई। महाराष्ट्र में तेजी से पांव पसार रहे कोरोना वायरस को लेकर आज जनता कर्फ्यू तथा कई शहरों में लाक डाउन के चलते विभिन्न मीडिया समूह ने केवल ई एडिशन ही निकालने का निर्णय लिया है। साथ ही अपने कर्मचारियों को वर्क एट होम के लिए भी कहा है। अगले एक सप्ताह तक मुम्बई सहित महाराष्ट्र के कई शहरों में अखबार केवल कम्यूटर या मोबाइल अथवा सोशल मीडिया पर ही मिलेंगे।
कोरोना के मद्देनजर ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ (Hindustan Times) ने भी कई बड़े कदम उठाए हैं। इन कदमों के तहत एक तरफ जहां एंप्लाईज को घर से काम करने के लिए कहा गया है, वहीं अखबार ने अपने वीकेंड सप्लीमेंट (HT Weekend) को मेन अखबार में मिला दिया है। यानी अब इसे अलग से पब्लिश नहीं किया जाएगा। इस बारे में ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ के पत्रकार अभिषेक बक्सी (Abhishek Baxi) ने एक ट्वीट कर कहा है, ‘हिन्दुस्तान टाइम्स अपने वीकेंड सप्लीमेंट ‘HT Weekend’ की प्रिंटिंग दो-तीन हफ्तों के लिए रोक रहा है,क्योंकि पूरा स्टाफ घर से काम कर रहा है। ऐसे में अधिकांश स्टोरीज ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।’

