भोपाल। मध्य प्रदेश के रीवा, सतना, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पन्ना, कटनी और बैतूल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं भोपाल, होशंगाबाद, रीवा, सागर, ग्वालियर और चंबल संभागों के जिलों में और इंदौर व धार जिले में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली चमकने की चेतावनी भी जारी की गई है। कटनी में तो इस चेतावनी का असर सुबह से ही नजर आने लगा। यहां सुबह से ही तेज बारिश का दौर जारी है।
भोपाल शहर में लगातार चौथे दिन रविवार को भी शाम को कुछ देर के लिए झमाझम बरसात हुई। करीब एक घंटे में 1 सेमी.बारिश रिकार्ड की गई। जून में अभी तक सीजन की 40 सेमी. बरसात हो चुकी है। जो कि सामान्य(लगभग 15 सेमी.) के मुकाबले 25 सेमी. अधिक है। मौसम विज्ञानियों ने सोमवार से प्रदेश के कुछ स्थानों पर बरसात की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के प्रवक्ता के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज हुआ। शहर में सुबह से ही आसमान पर आंशिक बादल मौजूद थे। दोपहर में धूप निकलने से वातावरण में उमस बढ़ गई थी। उधर शाम ढलते ही तेज हवा के साथ बादल घिर आए और शहर के अलग-अलग स्थानों पर तेज बौछारें पड़ीं। इससे वातावरण में ठंडक घुल गई
