मणिप्पुरम बैंक डकैती: संबलपुर जेल से तीन आरोपी कटनी लाए गए, 3 सितंबर तक पुलिस रिमांड

 

मणिप्पुरम बैंक डकैती: संबलपुर जेल से तीन आरोपी कटनी लाए गए, 3 सितंबर तक पुलिस रिमां

कटनी। वर्ष 2022 के बहुचर्चित मणिप्पुरम बैंक डकैती मामले में रंगनाथ नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा के संबलपुर जेल में बंद तीन आरोपितों को प्रोटेक्शन वारंट पर कटनी लाया है। न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों आरोपितों को 3 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपितों से बैंक डकैती और लूटे गए सोने के संबंध में पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2022 को रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के बरगवां स्थित मणिप्पुरम बैंक में सुबह करीब 10:30 बजे छह हथियारबंद बदमाश दाखिल हुए थे। बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों को हथियारों के बल पर धमकाने के साथ मारपीट की और लॉकर खुलवाकर करीब 16 किलो सोना लूट लिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।

घटना के बाद पुलिस ने जिले में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की थी। कुंडम के पास घेराबंदी कर दो आरोपितों को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली थी। इसके बाद पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए जांच का दायरा बिहार तक बढ़ाया था। पुलिस के अनुसार, डकैती की वारदात को बिहार के कुख्यात सुबोध सिंह गिरोह से जुड़े बदमाशों ने अंजाम दिया था।

मामले में अब तक करीब सात आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, हालांकि लूटे गए सोने की बरामदगी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। इसी मामले में ओडिशा के संबलपुर जेल में बंद तीन आरोपितों को पूछताछ के लिए कटनी लाया गया है।

पुलिस द्वारा लाए गए आरोपितों में अर्जुन उर्फ पियूष जायसवाल पिता अनिल जायसवाल (25), निवासी सादल मैरिज गार्डन, थाना बहादुरपुर, पटना (बिहार); अखिलेश उर्फ विकास उर्फ जान राइट पिता जितेन्द्र महतो (25), निवासी राजापाकर, तहसील हाजीपुर, जिला वैशाली (बिहार); तथा अनुज कुमार शाव उर्फ आकाश पिता रामशरण शाह (42), निवासी पलासीडीहा, पोस्ट दुर्जनपुर, थाना दुर्गापुर, पश्चिम वर्धमान (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपित अनुज उर्फ आकाश शाव पर डकैती के बाद सोना लेकर फरार होने की भूमिका सामने आई है, जबकि अन्य दोनों आरोपितों की भूमिका उसके सहयोगी के रूप में बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस तीनों से अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है और लूटे गए सोने की बरामदगी को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

डीएसपी शिवा पाठक ने बताया कि संबलपुर जेल में बंद तीनों आरोपितों को प्रोटेक्शन वारंट पर कटनी लाकर न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय से 3 सितंबर तक पुलिस रिमांड मिलने के बाद आरोपितों से डकैती मामले में पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version