Site icon Yashbharat.com

मजदूरों को पांच रूपए में मिलेगा भरपेट भोजन

thai food 518035 1920

जांजगीर। लोक सुराज अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले के विकास कार्यो की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों जिलों में दीनदयाल अन्न योजना की एक अप्रैल से शुरूआत होगी।laborers meal 2018316 115841 16 03 2018

इस योजना के तहत पंजीकृत मजदूरों को केवल पांच रूपए में भरपेट भोजन दिया जाएगा। श्रमिक चाहें तो टिफिन में भोजन ले जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों जिलों में मजदूरों की संख्या काफी है और इस योजना के संचालन से उन्हें फायदा होगा। मुख्यमंत्री ने विशेष शिविर लगाकर अधिक से अधिक मजदूरों का पंजीयन करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने मनरेगा के तहत मजदूरी भुगतान की समीक्षा करते हुए दोनों जिलों में शिविर लगाकर लंबित मजदूरी का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। डॉ। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2016-17 और वर्ष 2017-18 में मिले आवास निर्माण के लक्ष्य को समय पर पूर्ण किया जाए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित शौचालयों की प्रोत्साहन राशि भी हितग्राहियों को प्रदान कर दिया जाए।

सड़क निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने जांजगीर-पामगढ-ससहा़ तक सड़क निर्माण कार्य जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। डॉ. सिंह ने जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नवीनीकरण के लिए स्वीकृत सड़कों में जून माह तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों के समय पर संधारण होने से ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा होती है।

अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जिले में 38 तथा कोरबा जिले में 13 सड़कों के नवीनीकरण के लिए राशि दी गई है। मुख्यमंत्री ने जांजगीर-चांपा के 14 और कोरबा के 9 नवीन सड़क निर्माण कार्यों में भी गति लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने खोखसा और चांपा ओव्हर ब्रिज निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने को कहा।

कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन ने बताया कि दोनों ओव्हर ब्रिज में राज्य का 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। रेलवे का कार्य शेष है। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने रेलवे के अधिकारियों से बात कर कार्य जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने बलौदा के बुड़गहन में नल-जल योजना दो माह में शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा है कि दिए गए समय में कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई करें। डॉ. सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य बीमा योजना में ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिलना चाहिए। इस योजना में शेष बचे हितग्राहियों का स्मार्ट कार्ड बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कोरबा और जांजगीर-चांपा जिले में जिन जातियों का मात्रात्मक त्रुटि की वजह से जाति प्रमाण पत्र नहीं बना है, केम्प लगाकर उनका जाति प्रमाण पत्र बनवाएं।

बैठक में सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, मुख्य सचिव अजय सिंह, अपर मुख्य सचिव सीके खेतान, बिलासपुर संभाग के कमिश्नर टीसी महावर, आईजी दीपांशु काबरा, जांजगीर-चांपा कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन, कोरबा कलेक्टर मोहम्मद अब्दुल केसर हक सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version