Site icon Yashbharat.com

भारत ने दक्षिण अफ्रीका से तीसरा वनडे 124 रनों से जीता, सीरीज में 3-0 की बढ़त

images 7 1

केपटाउन। विराट कोहली के नाबाद शतक (160) के बाद स्पिनरों युजवेंद्र चहल (4 विकेट) और कुलदीप यादव (4 विकेट) की मदद से भारत ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका को तीसरे वनडे में 124 रनों से रौंदा। यह जीत इस मायने में ऐतिहासिक है कि भारत ने 26 सालों में पहली बार दक्षिण अफ्रीका में किसी वनडे सीरीज में 3 मैच जीते और यह सुनिश्चित कर लिया वह यह सीरीज नहीं हारेगा। भारत के 6 विकेट पर 303 रनों के जवाब में द. अफ्रीका की पारी 40 ओवरों में 179 पर सिमट गई। इसी के साथ भारत ने छह मैचों की सीरीज में 3-0 की बढ़त बनाई।

द. अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और हाशिम अमला मात्र 1 रन बनाकर बुमराह के शिकार बने, उन्होंने इस दिग्गज अफ्रीकी बल्लेबाज को एलबीडब्ल्यू किया। इसके बाद डुमिनी और कप्तान मार्करैम ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 78 रन जोड़े। मार्करैम 32 रन बनाकर कुलदीप की गेंद पर आगे निकले और विकेटकीपर धोनी ने उन्हें स्टंप कर अपना 400वां शिकार किया।

चहल ने डेब्यू मैच खेल रहे हेनरिक क्लासेन को एलबीडब्ल्यू किया। उन्होंने इसके बाद डुमिनी का कीमती विकेट भी लिया । डुमिनी 4 चौकों की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। मिलर 25 रन बनाने के बाद बुमराह की गेंद पर विकेटकीपर धोनी को कैच दे बैठे। कुलदीप यादव ने क्रिस मॉरिस (14) को अपना शिकार बनाया तो चहल ने खाया जोंडो (17) को पैवेलियन की राह दिखाई। एंडिले फेहलुकवायो 3 रन बनाकर कुलदीप की गेंद पर कप्तान कोहली को कैच दे बैठे।

दक्षिण अफ्रीका ने बुधवार को भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। कगिसो रबाडा ने पहले ही ओवर में भारत को पहला झटका दिया जब उन्होंने रोहित शर्मा को डेब्यू मैच खेल रहे विकेटकीपर हेनरिक क्लासेन के हाथों झिलवाया। धवन ने इमरान ताहिर की गेंद पर चौका लगाते हुए फिफ्टी पूरी की। वे 42 गेंदों तक इस मंजिल पर पहुंचे। धवन ने 25वीं फिफ्टी बनाई। धवन और विराट ने पारी को संभाला और शतकीय भागीदारी की। विराट ने डुमिनी की गेंद पर 1 रन लेते हुए फिफ्टी पूरी की।

धवन जम चुके थे, उन्होंने जेपी डुमिनी की गेंद पर आगे निकलकर शॉट खेला, लेकिन मिडविकेट पर खड़े कप्तान मार्करैम ने अपनी बाई तरफ डाइव लगाकर शानदार कैच लपका। धवन ने 63 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 76 रन बनाए। उन्होंने विराट के साथ दूसरे विकेट के लिए 140 रन जोड़े। रहाणे 11 रन बनाकर डुमिनी की गेंद को हवा में खेल बैठे और फेहलुकवायो ने पीछे की तरफ दौड़कर शानदार कैच लपका।

विराट ने डुमिनी की गेंद पर 2 रन लेकर शतक पूरा किया। वे 119 गेंदों में 7 चौकों की मदद से इस मंजिल तक पहुंचे। यह उनका 34वां वनडे शतक है। धोनी 10 रन बनाने के बाद ताहिर के शिकार बने जबकि फेहलुकवायो ने केदार जाधव (1) को चलता किया। इसके बाद विराट स्कोर को 300 के पार ले गए। वे 159 गेंदों में 12 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 160 रन बनाकर नाबाद रहे। भुवी 16 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत उसकी निगाहें ऐतिहासिक बढ़त हासिल करने पर टिकी रहेगी। दक्षिण अफ्रीका ने टीम में कई बदलाव किए। तबरेज शम्सी की जगह एंडिले फेहलुकवायो की वापसी हुई। मोर्ने मॉर्केल की जगह लुंगी नजीडी को लिया गया। इसके अलावा क्विंटन डी कॉक की जगह हेनरिक प्लासेन को लिया गया। नजीडी और क्लासेन डेब्यू कर रहे हैं। भारत ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया।

भारत डरबन और सेंचुरियन में पहले दो वनडे क्रमश: छह और नौ विकेट से जीतकर छह मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुका है। इससे पहले वह दो बार (1992-93 और 2010-11) दक्षिण अफ्रीका में वनडे सीरीज में दो-दो मैच जीत चुका है। 2010-11 में भारत 2-1 की बढ़त लेने के बाद 3-2 से सीरीज गंवा बैठा था।

दक्षिण अफ्रीकी टीम इस समय चोटों से जूझ रही है और इसके चलते भारत के पास पहली बार द. अफ्रीका में किसी वनडे सीरीज में तीन मैच जीतने का मौका रहेगा। नियमित कप्तान फॉफ डु प्लेसिस चोट के चलते वनडे और टी20 सीरीज से बाहर हो चुके हैं जबकि एबी डीविलियर्स तीन वनडे से बाहर हैं। अब तो विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक भी कलाई की चोट के चलते बाहर हो गए हैं।

टीम इंडिया सीरीज में दोनों मैच जीत चुकी है और दोनों मैचों में उसका प्रदर्शन शानदार रहा था। इसके चलते प्लेइंग इलेवन में बदलाव की कोई गुंजाइश नहीं है। रोहित शर्मा दोनों मैचों में बड़ा स्कोर नहीं बना पाए, लेकिन टीम जीत रही है, इसके चलते उन्हें बाहर किए जाने की संभावना क्षीण है। दक्षिण अफ्रीका आईसीसी रैंकिंग में दूसरे क्रम पर खिसक चुका है, लेकिन इस मैच में यदि जीता तो पुन: शीर्ष पर पहुंच जाएगा।

न्यूलैंड्‍स में रिकॉर्ड : भारत ने ‍केपटाउन के न्यूलैंड्‍स में अभी तक चार वनडे खेले हैं जिनमें से उसने दो मैच जीते जबकि दो मैचों में उसे हार मिली। भारत ने यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे खेले जिनमें से उसे दो में हार मिली जबकि 1 मैच जीता। भारत के पास अब इस रिकॉर्ड को बराबर करने का मौका रहेगा।

टीमें : भारत : रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, केदार जाधव, हार्दिक पांड्‍या, महेंद्रसिंह धोनी, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।

दक्षिण अफ्रीका : हाशिम अमला, ऐडन मार्करैम (कप्तान), जेपी डुमिनी, खाया जोंडो, डेविड मिलर, हेनरिक क्लासेन, क्रिस मॉरिस, लुंगी नजीडी, एंडिले फेहलुकवायो इमरान ताहिर, कगिसो रबाडा।

Exit mobile version