भाजपा जाति-धर्म से नहीं, काम देखकर टिकट देती है : शाहनवाज हुसैन

इंदौर: पूर्व केंद्रीय मंत्री और BJP राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने भाजपा द्वारा एक धर्म विशेष के लोगों को मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी नहीं बनाने को खारिज किया है। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी हैं, जो धर्म देखकर नहीं बल्कि काम देखकर टिकट देती है। हुसैन ने यहां शुक्रवार रात पत्रकारों से बातचीत करते कहा कि कांग्रेस को मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में 4-5 नहीं, बल्कि कम से कम 40 टिकट धर्म विशेष के लोगों को देना चाहिए थे।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि अब तक धर्म विशेष के मतों के विभाजन की राजनीति कर कांग्रेस अपने फायदे के लिये भुनाती रही है। हाल ही में उत्तरप्रदेश के फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या किए जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि हिंदुओं की राम में आस्था है। अयोध्या एक पुराना नाम था, जिसे बदलकर फैजाबाद किया गया था। अब उसे यथावत कर दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि इसमें किसी को कोई आपत्ति नही है। हुसैन शुक्रवार रात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र और इंदौर-3 से भाजपा प्रत्याशी आकाश विजयवर्गीय के समर्थन में जनसंपर्क करने पहुंचे थे।

↑
Exit mobile version