Site icon Yashbharat.com

भाजपा की तीसरी सूची फर्जी, तोमर ने किया खंडन

download 2

भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को भाजपा के 17 नामों की दूसरी सूची आने के चंद घंटों बाद ही 9 नामों की एक और सूची सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

इस पर तेजी से क्रिया-प्रतिक्रिया शुरू हो गई, लेकिन यह सूची फर्जी निकली। प्रदेश भाजपा कार्यालय ने चंद मिनटों में ही इसे नकार दिया।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश विजयवर्गीय ने भी इसे फर्जी बताया।

इस 9 नामों की सूची में एेसे नाम थे, जो भाजपा की अंदरूनी कलह में उलझे हैं। इसलिए इनके सामने आने से विवाद की स्थिति बनती।

इस फर्जी सूची में देपालपुर से मनोज पटेल, इंदौर 1 से सुदर्शन गुप्ता, इंदौर 2 से आकाश विजयवर्गीय, इंदौर 3 से रमेश मेंदोला, इंदौर 4 से मालिनी गौड़, इंदौर 5 से महेंद्र हार्डिया, महू से कैलाश विजयवर्गीय, राऊ से जीतू जिराती और सांवेर से राजेश सोनकर का नाम था।

दरअसल, इंदौर क्षेत्र की इन सीटों को लेकर ही भाजपा में जबरदस्त खींचतान है।

इंदौर की सीटें लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश विजयवर्गीय के बीच उलझी हैं। दोनों ने अपने पुत्र के लिए इंदौर से टिकट मांगा है।

इसमें कैलाश अपने बेटे आकाश का टिकट इंदौर दो से चाहते हैं, जबकि ताई भी इंदौर से अपने बेटे मंदार महाजन को टिकट दिलाना चाहती है।

इसलिए जो फर्जी सूची जारी हुई, उसमें इंदौर दो से कैलाश के पुत्र आकाश का नाम शामिल था। जबकि, खुद कैलाश का नाम महू से दिया गया।

वहीं सुमित्रा महाजन के खास समर्थक सुदर्शन गुप्ता का नाम इंदौर एक से था, लेकिन बेटे मंदार महाजन का नाम शामिल नहीं था।

इसलिए इस सूची पर जमकर खींचतान शुरू हो गई थी, लेकिन प्रदेश भाजपा ने तुरंत इस सूची को नकार दिया।

Exit mobile version