भाजपा की जुबानी जंग तेज : छेड़ा नेशनल हेराल्ड राग, संबित पात्रा बोले- बेल पर बाहर हैं राहुल-सोनिया

भोपाल। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। जहां कांग्रेस राफेल और सीबीआई में चल रही खींचतान पर भाजपा को घेर रही है। वहीं भाजपा ने भी फिर से नेशनल हेराल्ड मामले का राग छेड़ दिया है। इस मामले में आज भोपाल में पार्टी के मीडिया सेंटर का उद्घाटन में शामिल होने के लिए भोपाल आए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा।

पात्रा ने आरोप लगाया कि नेशनल हेराल्ड और नवजीवन के प्रकाशन के लिए मप्र सरकार ने महाराणा प्रताप नगर भोपाल में लीज पर जो जमीन दी थी ,उस जमीन का राहुल और सोनिया के स्वामित्व वाली कंपनी ने कमर्शियल उपयोग कर भारी भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाचार पत्र की जमीन पर कमर्शियल बिल्डिंग बनाकर भारी राशि गांधी परिवार ने हड़पी है।

एमपी नगर भोपाल में नेशनल हेराल्ड की जमीन पर बनी विशाल मेगामार्ट की बिल्डिंग के सामने सड़क पर पत्रकारवार्ता आयोजित कर पात्रा ने कहा कि यह बिल्डिंग ”भ्रष्टाचार की इमारत है”। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल और सोनिया गांधी दोनों ही इस भ्रष्टाचार के मामले में बेल पर हैं और पचास हजार रूपए के मुचलके पर छूटे हुए हैं।

पात्रा ने कहा कि भ्रष्टाचार के इस मामले का राहुल गांधी जवाब दें। लगभग 40 मिनिट तक सड़क पर चले इस ड्रामे में पात्रा ने पत्रकारों के सवालों का कोई भी जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मामला अभी हाईकोर्ट में है।भाजपा के प्रवक्ता ने जमीन आवंटन के सारे पेपर्स भी प्रेस को दिखाए, जिसमें भूमि आवंटन का उद्देश्य समाचार पत्र को बताया गया है। जिस वक्त यहां पीसी चल रही थी, उसी वक्त बाहर कांग्रेस नेता जेपी धनोपिया इसका विरोध कर रहे थे। उन्होंने चुनाव आयोग में शिकायत करने के लिए तस्वीरें भी खींची।

इस मामले में कांग्रेस आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत करेगा। कांग्रेस नेताओं की मानें तो प्रेस कॉन्फ्रेंस की अनुमति दोपहर एक से तीन बजे तक थी, लेकिन संबित पात्रा ने दोपहर 12 बजे से की पत्रकारवार्ता की। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात कही है। वहीं पीसी के लिए सड़क पर अनुमति देने के मामले में भी कांग्रेस भोपाल कलेक्टर की शिकायत करेगा।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस आक्रामकता के साथ भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है। भाजपा ने पहले दिन तो कमलनाथ के ’40 दिन 40 सवाल’ पर जवाब दिया, लेकिन उसके बाद से जवाब देना बंद कर दिया। कांग्रेस की इस मुहिम का जवाब देने के लिए ही शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने गांधी परिवार पर हमला बोला।

Exit mobile version