भाजपा का बड़ा आरोप : मोदी को हटाने के लिए कांग्रेस पाक में चला रही फेसबुक ‘पेड अभियान’
नई दिल्ली। भाजपा ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता संवित पात्रा का कहना है कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाने के लिए पाकिस्तान में फेसबुक पर ‘पेड अभियान’ चला रही है।
संवित ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में फेसबुक पेज की प्रतियां दिखाई जिसमें विपक्षी पार्टी का ‘देश बचाओ, मोदी हटाओ’ विज्ञापन है और स्थान को हाईलाइट किया गया है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘इसका क्या मतलब है? आप हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री के खिलाफ पाकिस्तान में अभियान चला रहे हैं।’
उन्होंने कहा कि यदि विपक्षी पार्टी प्रधानमंत्री के खिलाफ भारत में अभियान चलाए तो यह बात समझ में आती है लेकिन वह पाकिस्तान में ऐसा क्यों कर रही है।
संबित ने पंजाब के मंत्री और कांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें सिद्धू ने कहा था कि वह दक्षिण भारत के बजाय पाकिस्तान से ज्यादा सांस्कृतिक रूप से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं। उन्होंने इस संदर्भ में आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतागण तो पाकिस्तान के प्रति अपने प्यार का इजहार करते रहे हैं।
मालूम हो कि भाजपा आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस के एक फेसबुक पेज की फोटो ट्वीट करते हुए कहा है कि कांग्रेस का आधिकारिक पेज पाकिस्तान में फेसबुक पर मोदी हटाओ विज्ञापन को स्पॉन्सर कर रहा है।’