Site icon Yashbharat.com

बड़ी खबर: लखनऊ के शातिर इंजीनियरिंग छात्रों ने कटनी के एटीएम में भी लगाई है सेंध

IMG 20210610 WA0005

जबलपुर पुलिस की गिरफ्त में आए एनसीआर कम्पनी के एटीएम में छेड़छाड़ कर पैसे निकालने के तीन आरोपियों ने पहले कटनी तथा बाद में जबलपुर में वारदातों को अंजाम दिया था।

जबलपुर पुलिस की पूछताछ में इस बात का खुलासा होने के बाद कटनी पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के दिशा निर्देश व मार्गदर्शन में कटनी पुलिस की एक टीम भी आरोपियों से पूछताछ करने जबलपुर रवाना हो गई है। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ के बाद जरूरत पडऩे पर आरोपियों को रिमांड पर लेकर भी पूछताछ की जाएगी।

गौरतलब है कि जबलपुर पुलिस ने बीते दिनों नसीआर कम्पनी के एटीएम में छेड़छाड़ कर पैसे निकालने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपी लखनऊ की इंट्रीगल यूनिवर्सिटी में बीटेके के छात्र हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने मध्य प्रदेश समेत दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में इस तरह की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

आरोपियों के नाम उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित ग्राम सरसी निवासी विजय यादव, सर्वोदय नगर कानुपर निवासी गगन कटियार और डॉक्टर्स कॉलोनी वाराणसी निवासी अजीत सिंह बताए गए हैं।

यह जानकारी बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकारवार्ता में एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने दी थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में दो वारदातें कीं। उनके पास से कार क्रमांक यू.पी.32एफएस-4275, 65 हजार रुपए, पेंचकस सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। आरोपी तीन वर्षों से एटीएम में छेड़छाड़ कर पैसे निकाल रहे थे। यह पहली बार है जब पुलिस ने उन्हें दबोचा।

पुलिस ने अन्य प्रदेशों को भी यह जानकारी भेज दी है। साथ ही कटनी पुलिस को भी इस संबंध में सूचित किया है। जिसके बाद कटनी पुलिस की एक टीम आरोपियों से पूछताछ करने जबलपुर रवाना हो गई है।

इन वारदातों के बाद पकड़ में आया शातिर गिरोह
एक जून की सुबह लगभग सवा सात बजे विजय यादव गुलौआ चौक स्थित एसबीआई के एटीएम में पहुंचा। उसने पेंचकस से कैश बॉक्स खोलकर 77 हजार रुपए निकाल लिए। उसने गढ़ा बाजार स्थित एटीएम में छेड़छाड़ कर दस हजार रुपए निकाले थे।

पहले कटनी, फिर जबलपुर में वारदात
एसपी बहुगुणा के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रहते हैं। पैसों की कमी के कारण उन्होंने यह अपराध शुरू किया। वे 30 मई को लखनऊ से गगन की कार से बनारस होते हुए रीवा और फिर कटनी पहुंचे। रास्ते में उन्हें कहीं भी एनसीआर कम्पनी का एटीएम नहीं मिला। 31 मई की रात कटनी में उन्हें एनसीआर कम्पनी के दो एटीएम मिले। आरोपी अजीत ने राजकुमार के एटीएम कार्ड, पेंचकस और चिमटी के जरिए 20 हजार रुपए निकाले। उसने दूसरे एटीएम से अजीत की पत्नी वैभवी सिंह के कार्ड से पैसे निकाले।

होटल सुकून में सुकून से रुके थे आरोपी
एसपी ने बताया कि आरोपी 31 मई की सुबह जबलपुर पहुंचे। यहां वे तिलवारा स्थित होटल सुकून में रुके। एक जून की सुबह तीनों कार से एनसीआर कम्पनी के एटीएम की तलाश में निकले। संजीवनी नगर में उन्हें दो एटीएम मिलेए जिससे उन्होंने पैसे निकाले।

एक आरोपी के खाते से हुआ 46 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन
पुलिस टीम ने आरोपी विजय के बैंक खाते की जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसके नाम पर तीन खाते हैं। वर्ष 2018 से अब तक एक खाते में 33 लाख, दूसरे में 12 लाख और तीसरे खाते में 96 हजार रुपए (कुल 45 लाख 96 हजार रुपए) का ट्रांजेक्शन हो चुका है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे कभी दोस्तों, कभी रिश्तेदारों और मजदूरों का एटीएम कार्ड 500 से एक हजार रुपए में किराए पर लेते थे।

Exit mobile version