Site icon Yashbharat.com

बड़ी खबर: कटनी के पास प्रेमी-प्रेमिका ट्रेन के सामने कूदे, दोनों की मौत

wp 1620462086405

कटनी, (विवेक शुक्ला)। जबलपुर-कटनी रेलखंड पर डूंडी स्टेशन के समीप कुछ दिनों पूर्व ट्रेन के सामने कूदकर प्रेमीयुगल के द्धारा की गई आत्महत्या के मामले को अभी लोग भूले भी नहीं थे कि ऐसी एक घटना शुक्रवार की शाम कटनी-शहडोल रेलखंड के झलवारा व रूपौंद स्टेशन के बीच घटित हुई है। यहां भी एक प्रेमीयुगल के द्धारा ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली गई। पुलिस ने शवपरीक्षण कराते हुए मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

इस संबंध में बड़वारा थाना प्रभारी रोहित डोगरे ने बताया कि बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम नंहवारा सेझा निवासी 22 वर्षीय सुनील सिंह पिता मजबूत सिंह गौड़ के गांव की ही 16-18 वर्षीय सुधा पिता राजेन्द्र कोल से प्रेम संबंध थे। दोनों आपस में शादी भी करना चाहते थे लेकिन दोनों के परिवार वालों को यह बात बिल्कुल मंजूर नहीं थी। बताया जाता है कि प्रेम प्रसंग में असफल होने के बाद दोनों ने एक साथ जान देने की योजना बनाई और अपनी इसी योजना के तहत कल शुक्रवार की शाम लगभग 7 बजे दोनों कटनी-शहडोल रेलखंड पर झलवारा व रूपौंद स्टेशन के बीच रेललाइन के किनारे जाकर बैठ गए तथा किसी भी ट्रेन के आने का इंतजार करने लगे। इसी बीच उन्हे ट्रेन आते दिखी, जिसके सामने कूदकर दोनों ने एक साथ जान दे दी। गौरतलब है कि अभी कुछ दिनों पूर्व जबलपुर-कटनी रेलखंड पर डूंडी स्टेशन के समीप ऐसी ही एक घटना में एक-दूसरे को चुनरी से बांधकर प्रेमीयुगल ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी थी।

गेटमैन ने दी सूचना
एक जानकारी में बताया जाता है कि ट्रेन के सामने कूदकर प्रेमीयुगल को आत्महत्या करते गेटमैन गुलाब बर्मन ने देखा और इसकी सूचना बड़वारा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमीयुगल के ट्रेन से कटे क्षतविक्षत शव अपने अधिकार में लेकर उन्हे पीएम के लिए बड़वारा अस्पताल भिजवाया। जहां आज पीएम के बाद दोनों के शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।

मर्ग कायम जांच जारी-थाना प्रभारी
बड़वारा थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि युवक-युवती का पोस्टमार्टम कराते हुए मर्ग कायम किया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। जांच में मिले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगें कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version