गुना। मध्य प्रदेश के गुना में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमित शाह के रोड शो में बीजेपी नेता और अधिकारियों के बीच जबरदस्त नोंकझोंक का मामला सामने आया है. जब प्रदेश महामंत्री बी डी शर्मा और राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन पोस्टर बैनर को लेकर डिप्टी कलेक्टर और नायब तहसीलदार से बहस कर बैठे.
दरअसल, सिंधिया के गढ़ गुना में अमित शाह का रोड शो चल रहा था. इस दौरान पोस्टर बैनर को हटाने को लेकर चुनाव आचार संहिता का हवाला देते हुए डिप्टी कलेक्टर विशाखा देशमुख ने आपत्ति जताई. इस पर प्रदेश महामंत्री बीडी शर्मा और राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन से बहस हो गई. इसके बाद उन्हें फोन पर भी किसी को धमकाते हुए देखा गया.
हालांकि यह मामला ज्यादा नहीं बढ़ा. क्यों इसके बाद अमित शाह का रोड शो खत्म हो गया और वे गुना से शिवपुरी वापस लौट गए. लेकिन मामले के बाद आचार संहिता के माहौल में नेताओं का अधिकारियों से भिड़ना जरूर चर्चा का विषय बन गया है.
बता दें कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के सिंधिया के गढ़ में यह पहला दौरा था. इस दौरे की शुरुआत अमित शाह ने ग्वालियर से की थी जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित किया. खास बात यह रही कि इस पूरे दौरे में अमित शाह के साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहे. प्रधान को हाल ही में प्रदेश बीजेपी का चुनाव प्रभारी बनाया गया है