बैतूल में कमलनाथ के सामने टुकड़ों में बंटी कांग्रेस के 2 गुट आपस में भिड़े

बैतूल। बैतूल में हुए कांग्रेस के सम्मेलन में एक बार फिर साबित हो गया कि यहां पार्टी टुकड़ों में बंटी है. कांग्रेस के बेलगाम कार्यकर्ता ही पार्टी का बंटाधार करने को काफी हैं. इस सम्मेलन में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और पुडुचेरी के सीएम नारायण सामी के सामने ही कई बार कांग्रेसी आपस में जमकर उलझते नजर आए. पहले कमलनाथ के रोड शो में कुछ कांग्रेसियों ने बीच सड़क पर ही आपस में गाली-गलौज की, जिसके बाद खूब लात-घूंसे चले.

वहीं सम्मेलन स्थल पर मंच के ऊपर नीचे भी गुटों की रस्साकशी नजर आई. कभी माइक को लेकर तो कभी कमलनाथ के आजू-बाजू खड़े रहने को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर जूतमपैजार होती रही. हद तो तब हो गई जब भाषण देने माइक के सामने पहुंचे कमलनाथ खुद भी कार्यकर्ताओं के बेलगाम रवयै से बौखला गए और मंच के सामने से उन्हें खदेड़ते दिखे.

बेहद धक्कामुक्की के बीच आखिरकार कमलनाथ ने भाषण दिया और वहां से चल दिए. कमलनाथ कुछ कहें या ना कहें लेकिन इतना तो तय है कि कांग्रेस में यह नज़ारे आगामी विधानसभा के लिए आत्मघाती साबित होंगे. क्योंकि अनुशसानहीनता कांग्रेस में हमेशा ही एक समस्या रही है.

Exit mobile version