आज न्यायालय में पेश करेगी पुलिस
जबलपुर, मुनप्र।रविवार की रात बेलबाग थाना क्षेत्र में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने अब तक 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। थाना प्रभारी दिनेश जोशी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से आठ आरोपियों को आज पुलिस न्यायालय में पेश करने की तैयारी में है। जिन्हें न्यायालय में पेश किया जाना है उनमें गोर्वधन कश्यप, मोंटी विश्वकर्मा, चंदन सोनकर, मीनू सोनकर, भूरा सोनकर और तीन आरोपी और भी शामिल हैं। बेलबाग में हुए विवाद के बाद गत शाम बेलबाग पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैगमार्च भी किया। उल्लेखनीय है कि रविवार की रात बेलबाग थाना क्षेत्र में जमकर बवाल हुआ था और बवाल के चलते कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता आमने सामने आ गए तथा हंगामे की स्थिति निर्मित हो गयी थी। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज कर आरोपियों को खदेड़ा गया। कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। दोनों पक्षों के बीच गाली गलौज होते होते मारपीट शुरु हो गयी और फिर थाने के बाहर किसी ने हवाई फायर कर दिया जिससे भगदड़ की स्थिति मच गयी थी । इसके बाद पहले पथराव और फिर बम भी चले। इस दौरान एक दर्जन से अधिक बाइकों को उपद्रवियों ने न केवल पलटा दिया बल्कि गाडिय़ों में तोडफ़ोड भी की। घटना के वक्त थाने में मौजूद स्टाफ लोगों को समझाने का प्रयास करता रहा लेकिन जब स्थिति बेकाबू हो गयी तो पुलिस ने लाठियां चलाते हुए उपद्रवियों को खदेड दिया इसी बीच वायरलैस सैट से कॉल होते ही एसपी अमित सिंह पुलिस कंट्रोल रूम से रिजर्व बल लेकर बेलबाग पहुंच गए और आसपास के थाना प्रभारियों ने अपनी अपनी टीमों के साथ पूरे इलाके को घेर लिया। विवाद और कार्यकर्ता के घायल होने की सूचना पर भाजपा प्रत्याशी अंचल सोनकर भी थाने पहुंच गए थे। घटना से बेलबाग थाने के आसपास रहने वाले लोग बमबाजी और गोली चालन के बाद दहशत में आ गए थे तथा लोगों ने घरों की लाइटें तक बंद कर दीं जिससे पूरे क्षेत्र में अंधकार का माहौल बन गया। एसपी के साथ सभी एएसपी और सीएसपी गलियों और संदिग्ध जगहों पर छापेमारी करते रहे। इस संबंध में आज जब थाना प्रभारी दिनेश जोशी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया जो आरोपी अभी पुलिस के हाथ नहीं लग पाये हैं उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार लगी हुई हैं। घटना में विश्वास सोनकर, सपन जैन और एक अन्य युवक घायल हुआ है जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां अब उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। थाना प्रभारी के मुताबिक स्थिति अभी पूरी तरह से नियंत्रण में है।
बेलबाग मामले में अब तक दो दर्जन से ज्यादा गिरफ्तार
