Friday, May 15, 2026
Latest:
मध्यप्रदेश

बेटा न होने से नाराज शख्स ने पत्नी-बेटियों को कुएं में फेंका, एक बच्ची की मौत

मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां बेटा पैदा न होने के चलते एक 42 वर्षीय व्यक्ति के सिर पर ऐसा खून सवार हुआ कि उसने अपनी पत्नी और दो बेटियों को कुएं में धकेल दिया। इसमें एक आठ वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि महिला की आवाज सुनकर वहां से निकल रहे गांव वालों ने उसे और उसकी एक और बच्ची को बचा लिया।

तीन माह पहले हुई थी तीसरी बेटी

घटना छतरपुर जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर चंदला पुलिस थाना अंतर्गत शनिवार को हुई। चंदला पुलिस थाना के विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह ने मीडिया को बताया कि मृत बच्ची की मां बिट्टी बाई यादव ने पुलिस को बयान दिया है कि तीन माह पहले बेटी होने पर पति राजा भैया यादव उसे प्रताड़ित करता था और उसके साथ मारपीट करता था। इसी कारण वह अपनी बच्चियों के साथ एक माह पहले अपने मायके चली गई थी।

उसने बताया कि शनिवार को आरोपी राजा भैया यादव मोटारसाइकिल से पत्नी बिट्टी और दोनों बच्चियों को पन्ना जिले के लौलास गांव स्थित ससुराल से वापस लेकर आ रहा था। रास्ते में भी बेटी होने पर वह पत्नी को भला बुरा कह रहा था। इसके बाद बहस इतनी बढ़ी कि वह मोटरसाइकिल से पड़ोई गांव के पास सड़क से तीन-चार खेत दूर स्थित एक कुएं तक पहुंचा और पत्नी और बच्चियों को कुएं में धकेल दिया।

कुएं में ढकेलकर बरसाए पत्थर

सिंह ने बताया कि इस घटना में उसकी आठ वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि महिला ने किसी तरह से तैर कर अपनी दूसरी बच्ची को बचा लिया। हालांकि, जब वह कुएं से बाहर निकलने का प्रयास कर रही थी तब आरोपी ने उस पर पत्थर से हमला किया जिससे महिला के सिर पर चोट भी आई है। उन्होंने कहा कि महिला की आवाज सुनकर वहां से निकल रहे एक ग्रामीण ने महिला और उसकी एक बच्ची को कुएं से बाहर निकाला और दोनों को बचा लिया। सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

 

 

 

 

 

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम