Site icon YASHBHARAT.COM

बेंगलुरु से दिल्ली पहुंचे कांग्रेस के 22 बागी विधायक; सिंधिया से मिलकर भोपाल लौटेंगे, कर सकते हैं bjp ज्वाइन

IMG 20200310 WA0040

भोपाल।  बेंगलुरु में 12 दिन से ठहरे 22 पूर्व विधायक शनिवार को चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली पहुंचे। यहां वे भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर और विनय सहस्त्रबुद्धे से मुलाकात करेंगे।

सूत्रों की मानें तो इनके शनिवार को ही भोपाल आने की संभावना है। रविवार को ये लोग भाजपा विधायक दल की बैठक में भाग ले सकते हैं, यहां उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाए जाने की चर्चा है। 22 विधायकों के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश में 15 महीने पुरानी कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ गई थी और शुक्रवार को कमलनाथ ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

18 सिंधिया समर्थक, 4 सरकार से नाराज थे
बेंगलुरु में इस्तीफा देने वाले 18 विधायक सिंधिया समर्थक हैं। जबकि 4 ने सरकार से नाराज होकर इस्तीफा दिया था।

इनमें ऐदल सिंह कंसाना और बिसाहूलाल दिग्विजय समर्थक माने जाते थे। हरदीप सिंह डंग और मनोज चौधरी किसी गुट के नहीं थे।

इस्तीफा देने वाले 16 विधायक ग्वालियर-चंबल से
इस्तीफा देने वाले 16 विधायक ग्वालियर-चंबल से हैं और इस क्षेत्र में सिंधिया का खासा प्रभाव है। उपचुनाव में सिंधिया के साथ ही यहां केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और शिवराज सिंह चौहान फैक्टर भी काम करेगा। कांग्रेस इस बार सिंधिया के बिना ही इन सीटों पर उपचुनाव में उतरेगी।

उपचुनाव पर निर्भर है बागियों का भविष्य 
22 बागियों के इस्तीफे और 2 विधायकों के निधन से प्रदेश की 24 विधानसभा सीटों पर अब 6 माह के अंदर उपचुनाव होंगे। यानी अब इन 22 का भविष्य उपचुनाव पर टिक गया है। संभवत: मई-जून में चुनाव आयोग उप चुनाव करा सकता है। इनके नतीजे तय करेंगे कि नई सरकार बहुमत में रहेगी या अस्थिरता के बीच झूलेगी।

आज होने वाली विधायक दल की बैठक टली 
माना जा रहा था कि शनिवार को भाजपा की बैठक बुलाकर विधायक दल का नेता चुन लिया जाएगा, लेकिन कोरोनावायरस के चलते बैठक सोमवार तक टाल दी गई।

अब यह बैठक 23 मार्च को प्रस्तावित है। इसमें दिल्ली से पर्यवेक्षक के रूप में धर्मेंद्र प्रधान और प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे भोपाल आ सकते हैं। 25 मार्च को नवरात्र की घट स्थापना के साथ ही भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है।

इधर, कमलनाथ आज दिल्ली रवाना सोनिया गांधी से मिलेंगे 
कार्यवाहक मुख्यमंत्री कमलनाथ शनिवार को दिल्ली रवाना हो रहे हैं। वह यहां पर सोनिया गांधी से मिलेंगे और उन्हें मध्य प्रदेश के घटनाक्रम और सरकार के इस्तीफा देने की रिपोर्ट सौंपेंगे। सूत्र बताते हैं कि कार्यवाहक सीएम कमलनाथ 25 मार्च तक दिल्ली में ही रहेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- सब हो जाएगा, जान है तो जहान है 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कार्यकर्ताओं को कोरोना से जंग के लिए तैयार रहने और 22 मार्च को जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए जुट जाने को कहा। जब उनसे पूछा गया कि विधायक दल की बैठक होनी है, इसके बाद शपथ ग्रहण होनी है। इस पर शर्मा ने कहा- बाकी सब हो जाएगा, अगर जान है तो जहान है।

Exit mobile version