Site icon Yashbharat.com

बुलाती है पर जाने का नहीं: इस सेल्‍फी प्‍वाइंट से दूर भागते हैं लोग

selfie point

Selfie Points: बुलाती है पर जाने का नहीं: इस सेल्‍फी प्‍वाइंट से लोग दूर भागते हैं। स्मार्ट फोन के इस दौर में सेल्फी लोगों का पैशन है. बैकग्राऊंड जहां कहीं भी बेहतर यानी शानदार मिले तो लोग एक सेल्फी लेने को उतावले हो जाते हैं!

लेकिन रायबरेली में एक ऐसा सेल्फी पॉइंट है जहां शायद ही कोई सेल्फी लेना चाहेगा. ये सेल्फी पॉइंट बनाया गया है शहर के व्यस्ततम सिविल लाइन चौराहे पर. इस सेल्फी पॉइंट पर लिखा है मैं अपने परिवार व समाज के प्रति ज़िम्मेदार नागरिक नहीं हू. मैं यातायात नियमों का पालन नहीं करता हूं. ऐसे में अब तो शायद आप भी समझ गए होंगे कि आखिर ये माजरा क्या है.

इनोवेटिव आइडिया

दरअसल यह इनोवेटिव आइडिया है रायबरेली ट्रैफ़िक पुलिस का. यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के लिए यहां पर एक सेल्फी पॉइंट लगा है। यहां पर उन्हें फोटो खिंचवानी होती है, जो नियम तोड़ते हैं. ऐसे में अब जब यूपी पुलिस और जिला पुलिस के वेरिफाइड एक्स हैंडल या अन्य किसी सोशल मीडिया हैंडल से जिस शख्स की भी फोटो अपलोड होगी तो खुद समझ लीजिए, उसपर क्या बीतेगी. ऐसे में लोग धीरे धीरे ही सही लेकिन अपनी इज्जत बचाने यानी नाम खराब होने से बचाने के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन कर रहे हैं.

पब्लिक में उत्साह – भूल सुधार का मौका भी

शहर के सीओ ट्रैफिक अमित सिंह ने इस आइडिये की जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विभाग की ये मुहिम रंग लाएगी. दरअसल फोटो वायरल होने के डर से लोग संभलकर चलेंगे क्योंकि एक बार जो इस सेल्फी पॉइंट में फंस गया उसका इस सेल्फी प्वाइंट से बचना नामुमकिन होगा।

हालांकि ऐसे लोगों के लिए ट्रैफ़िक पुलिस ने भूल सुधार का मौका भी दिया है. जो लोग यातायात के नियमों का पालन करते हुए यहां से गुज़र रहे हैं उनके लिए दूसरा सेल्फी पॉइंट भी लगा है. इस पर लिखा है मैं परिवार व समाज के प्रति ज़िम्मेदार नागरिक हूं. मैं यातायात नियमों का पालन करता हूं. ऐसे में जिन लोगों की नकारात्मक सेल्फी खिंच गई है वो यातायात नियमों का पालन करते हुए यहां आकर, अपनी पॉजिटिव सेल्फी खिंचवाकर अपने जागरूक होने का परिचय दे सकते हैं।

Exit mobile version