Site icon Yashbharat.com

बीई के छात्रों की सेमेस्टर परीक्षाएं अब ऑफलाइन होंंगी

ccc 7

जबलपुर,यभाप्र। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) भोपाल ने बीई के छात्रों की सेमेस्टर परीक्षा ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट (गेट) के पैटर्न पर कराने से कदम पीछे खींच लिए हैं। इसका कारण छात्रों द्वारा ऑनलाइन परीक्षाएं कराने का विरोध करना है। छात्र वैकल्पिक प्रश्नोत्तरी के आधार पर ऑनलाइन परीक्षाएं देने के लिए तैयार नहीं थे। छात्रों का कहना था कि वह सेमेस्टर एग्जाम दे रहे हैं न कि प्रतियोगी परीक्षा। यदि इस तरह परीक्षाएं कराई गईं तो विस्तृत रूप से उत्तर लिखने की क्षमता छात्रों में खत्म हो जाएगी। छात्र केवल वैकल्पिक प्रश्नों के उत्तर रटेंगे। इस तरह विरोध किए जाने के बाद आरजीपीवी ने एक दिसंबर से कॉलेजों में होने वाली बीई, बी-फार्मा, बीऑर्क जैसे कोर्स की सेमेस्टर परीक्षाएं ऑफलाइन कराने का निर्णय लिया है। आरजीपीवी द्वारा बीई, एमई, बी-फार्मा व बीऑर्क कोर्स की परीक्षाएं 1 दिसंबर से 31 दिसंबर तक आयोजित की जा रही हैं। आरजीपीवी से संबद्ध प्रदेशभर के कॉलेजों में लगभग 2 लाख छात्र पढ़ रहे हैं। ऑनलाइन परीक्षा होने से कॉलेजों में नकल पर रोक लग जाती। प्रोफेसरों का कहना है कि वैकल्पिक प्रश्नों पर आधारित परीक्षा को छात्र तभी पास कर पाते, जब वह गहनता से पढ़ाई करतेे। गेट के पैटर्न पर परीक्षा कराने से छात्रों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अच्छी हो जाती। साथ ही उन्हें नौकरी भी आसानी से मिल जाती।

Exit mobile version