बाल लैंगिक अपराधों से सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु साँप-सीढ़ी खेल का आयोजन,बाल अधिकार सप्ताह के अंतर्गत बच्चों को खेल के माध्यम से बाल अधिकारों एवं सुरक्षा की दी गई जानकारी
कटनी- बाल अधिकार सप्ताह के अवसर पर नोबल हार्ट पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल कटनी में बच्चों को बाल अधिकारों एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा बाल लैंगिक अपराधों से सुरक्षा के उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से नोबल हार्ट पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल कटनी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना एवं आवाज जनकल्याण समिति कटनी के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉक्टर रुक्मणी प्रताप सिंह, जिला समन्वयक श्री देवेन्द्र गुप्ता , मयंक मिश्रा एवं कल्पना द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को बाल लैंगिक अपराधों से सुरक्षा के विषय पर आधारित साँप-सीढ़ी खेल खिलाया गया। इस खेल के माध्यम से बच्चों को सरल एवं रोचक तरीके से बाल लैंगिक अपराधों, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, अपनी सुरक्षा, बाल अधिकारों तथा किसी भी गलत घटना की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉक्टर रुक्मणी प्रताप सिंह, नोबल हार्ट पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल कटनी के संचालक रचना गर्ग, प्राचार्य श्री अनिल गर्ग, आवाज जनकल्याण समिति कटनी मयंक मिश्रा एवं कल्पना द्विवेदी की विशेष उपस्थिति रही।
खेल के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा खेल के माध्यम से पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देकर बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। साथ ही बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की असहज या गलत परिस्थिति का सामना करने पर चुप न रहें, बल्कि अपने विश्वसनीय अभिभावक, शिक्षक या संबंधित सहायता केंद्र को इसकी जानकारी दें।इस गतिविधि का उद्देश्य खेल एवं संवाद के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और बाल लैंगिक अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें किसी भी विपरीत परिस्थिति में आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित करना था। इस प्रकार खेल आधारित जागरूकता गतिविधि के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित वातावरण, बाल संरक्षण एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। सांप सीढ़ी खेल में भूमि मिश्रा, कामाख्या चौहान, शिखा यादव एवं कंचन रजक ने साँप-सीढ़ी खेल प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें शिखा यादव विजेता रहीं।

