Site icon Yashbharat.com

बांग्लादेश में बंगबंधु के हत्यारे मौत की सजा पाए चार भगोड़े सैन्य अफसरों के वीरता पुरस्कार रद

07 06 2021 bdesh6 21714353 02225219

ढाका। बांग्लादेश में रविवार को चार भगोड़े सैन्य अफसरों के वीरता पुरस्कार रद कर दिए गए। मौत की सजा पाए ये अफसर देश के राष्ट्रपिता बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान और उनके परिवार के लोगों की हत्या में शामिल थे। बंगबंधु की हत्या 15 अगस्त, 1975 को कर दी गई थी।

बंगबंधु के हत्यारे चारों सैन्य अफसरों के वीरता पुरस्कार रद

बांग्लादेश सरकार की जारी अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रपिता बंगबंधु के हत्यारे सैन्य अफसरों के वीरता पुरस्कार रद कर दिए गए हैं। इन चारों ने अपना अपराध कुबूल कर लिया था। ये चार बर्खास्त अफसर हैं- लेफ्टिनेंट कर्नल शरीफुल हक डालिम, लेफ्टिनेंट कर्नल एसएचएमबी नूर चौधरी, लेफ्टिनेंट एएम राशेद चौधरी और नायक सूबेदार मोस्लेम उद्दीन खान।

बांग्लादेश सरकार ने इन्हें नौकरी से बर्खास्त कर किया भगोड़ा घोषित 

बांग्लादेश सरकार ने इन्हें नौकरी से बर्खास्त कर भगोड़ा घोषित किया हुआ है। इन सभी को 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ हुए स्वतंत्रता संग्राम में वीरता दिखाने के लिए पुरस्कारों से नवाजा गया था, लेकिन 1975 में ये देशद्रोही बन गए। इन्होंने सैन्य तख्तापलट की साजिश रचकर आजादी के बाद बंगबंधु के नेतृत्व में बनी अवामी लीग सरकार को हटा दिया। इसी दौरान बंगबंधु और उनके परिवार के लोगों की हत्या हुई।

12 सैन्य अफसर बंगबंधु की हत्या के लिए दोषी पाए गए और उन्हें दी गई मौत की सजा 

इस हत्याकांड में बंगबंधु की बड़ी बेटी और मौजूदा प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी छोटी बहन शेख रेहाना पश्चिम जर्मनी में होने की वजह से जिंदा बच गई थीं। बाद में चले मुकदमे में कुल 12 सैन्य अफसरों को बंगबंधु और उनके परिवार के लोगों की हत्या के लिए दोषी माना गया और उन्हें मौत की सजा दी गई।

पांच को सजा सुनाए जाने के बाद फांसी दे दी गई

इनमें से पांच को सजा सुनाए जाने के बाद फांसी दे दी गई। बाकी बांग्लादेश से फरार होने में कामयाब रहे। इनमें से एक की फरारी के दौरान विदेश में स्वाभाविक मौत हो गई। मुकदमे की सुनवाई और सजा सुनाए जाने के दौरान अनुपस्थित रहे इन चारों भगोड़े सैन्य अधिकारियों के वीरता पुरस्कारों पर सरकार का ध्यान कुछ महीने पहले गया।

मंत्री मोजम्मेल हक ने कहा- बंगबंधु की हत्या में शामिल सभी अधिकारियों के पुरस्कार होंगे रद

स्वतंत्रता संग्राम मामलों के मंत्री एकेएम मोजम्मेल हक ने कहा कि बंगबंधु की हत्या में शामिल सभी अधिकारियों के पुरस्कार रद किए जाएंगे। बंगबंधु की हत्या में फरार सैन्य अधिकारियों में से एक इस समय अमेरिका में और बाकी पांच कनाडा में रह रहे हैं। सरकारी अधिकारियों ने बताया है कि इन फरार अधिकारियों को वापस बांग्लादेश लाने के लिए प्रक्रिया चल रही है।

Exit mobile version