बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में सीसाइड रिसॉर्ट में आग: 10 लोगों की जलकर मौत, 9 घायल; पूरी इमारत खाक
ढाका। पड़ोसी देश बांग्लादेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कॉक्स बाजार जिले में शनिवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। मरीन ड्राइव स्थित पटुआर्टेक बीच के पास ‘टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट’ में अचानक आग लगने से कम से कम 10 लोगों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग घायल हो गए।
फायर सर्विस के प्रवक्ता तलहा बिन जासिम और उखिया पुलिस स्टेशन के प्रमुख मोहम्मद अतीकुर रहमान मजूमदार ने इस हादसे में 10 लोगों की मौत और 9 के घायल होने की पुष्टि की है।
सुबह 6:30 बजे लगी आग, पूरी इमारत जलकर खाक
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। मुख्य रूप से बांस और लकड़ी से बना यह तीन मंजिला रिसॉर्ट कॉक्स बाजार के इनानी क्षेत्र में स्थित था। लकड़ी और बांस से बने होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत जलकर खाक हो गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के समय रिसॉर्ट के अंदर करीब 30 लोग मौजूद थे। केवल 4 से 5 लोग ही किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल पाए।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घायलों को इलाज के लिए कॉक्स बाजार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर सबुकतागिन महमूद सोहेल के अनुसार, भर्ती कराए गए मरीजों में से पांच लोग गंभीर रूप से जले हुए हैं।
डीएनए जांच के बाद सौंपे जाएंगे शव, रसोई से आग शुरू होने की आशंका
कॉक्स बाजार के डिप्टी कमिश्नर ए. मन्नान ने बताया कि मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए शवों को परिजनों को सौंपने से पहले उनके डीएनए (DNA) सैंपल लिए जाएंगे।
आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि आग रिसॉर्ट की रसोई (Kitchen) से शुरू हुई होगी। फिलहाल फायर सर्विस की टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है।










